मप्र : सागर में महिला ने 3 बच्चों की हत्या कर जान दी

मप्र : सागर में महिला ने 3 बच्चों की हत्या कर जान दी

IANS News
Update: 2019-10-07 17:30 GMT
मप्र : सागर में महिला ने 3 बच्चों की हत्या कर जान दी

सागर, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के सागर जिले के एक घर में महिला और उसके तीन बच्चों के शव बरामद किए गए हैं। आशंका इस बात की है कि महिला ने तीनों बच्चों की हत्या के बाद आत्महत्या की होगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

राजधानी से लगभग ढाई सौ किलोमीटर दूर, सागर जिले के बंडा थाना क्षेत्र के पिपरिया चौदा गांव में सोमवार को एक घर के अंदर एक ही परिवार के चार लोगों के शव मिले। महिला कुंती देवी लोधी का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ था और उसके तीन मासूम बच्चों के शव उसके पैरों के पास पड़े थे। उनमें छह साल से कम उम्र के दो लड़के और एक लड़की है। घटनास्थल पर तीन खाली फंदे भी इधर-उधर लटके थे।

एक घर में चार शव होने की सूचना पर पुलिस अधीक्षक अमित सांघी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। सांघी के मुताबिक, पिपरिया चौदा गांव में घर के अंदर चार शव मिले हैं। यहां तीन खाली फंदे भी मिले हैं। प्रथम दृष्टया घटनास्थल को देखकर लगता है कि पहले तीनों बच्चों को फांसी पर लटकाकर हत्या की गई और फिर महिला खुद फांसी पर लटक गई।

उन्होंने बताया कि शुरुआती तौर पर जो बात सामने आई है, वह पारिवारिक विवाद लग रही है। फिलहाल मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Similar News