PMLA कोर्ट ने जारी किए विजय माल्या के गिरफ्तारी के आदेश

PMLA कोर्ट ने जारी किए विजय माल्या के गिरफ्तारी के आदेश

Bhaskar Hindi
Update: 2018-06-21 16:16 GMT
PMLA कोर्ट ने जारी किए विजय माल्या के गिरफ्तारी के आदेश

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई की विशेष PMLA कोर्ट ने बुधवार को विजय माल्या के खिलाफ एक गैरजमानती वॉरेंट जारी कर दिया है। कोर्ट ने फरार विजय माल्या को गिरफ्तार करने के आदेश दिए हैं। ईडी ने माल्या और उनकी कंपनियों किंगफ़िशर एयरलाइन (KFA) और यूनाइटेड ब्रेवरीज होल्डिंग लिमिटेड (UBHL) और अन्य के खिलाफ प्रिवेन्शन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत नया आरोप पत्र दायर किया है। कोर्ट ने हाल ही में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दायर किए गए चार्जशीट का संज्ञान लेते हुए यह आदेश जारी किया है।


6000 करोड़ रुपए की धोखधड़ी का आरोप

इसी आरोप पत्र का संज्ञान लेते हुए कोर्ट ने बुधवार को माल्या के खिलाफ गिरफ्तारी के आदेश जारी किए। ईडी द्वारा दायर चार्जशीट में विजय माल्या के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग और 13 बैंकों के समूह के साथ करीब 6000 करोड़ रुपए की धोखधड़ी करने के आरोप लगाया गया है। मनी लॉन्ड्रिंग-निरोधक अदालत के विशेष न्यायाधीश एमएस आजमी ने यह आदेश जारी किया है। ईडी ने कोर्ट को बताया कि विजय माल्या कई समन जारी किए जाने के बाद भी जांच के लिए पेश नहीं हो रहा है। ऐसे में उसके खिलाफ गिरफ्तारी वॉरेंट जारी किया जाए। 

 

30 जुलाई को अगली सुनवाई

कोर्ट ने सभी को 30 जुलाई को कोर्ट में हाज़िर रहने के आदेश दिए हैं। 30 जुलाई को इस मामले में अगली सुनवाई की जाएगी। ईडी ने पिछले साल भी विजय माल्या के खिलाफ 900 करोड़ रुपए के आईडीबीआई बैंक-किंगफिशर एयरलाइंस लोन फ्रॉड मामले में पहला आरोप पत्र दायर किया था। माल्या 2016 में ही भारत से विदेश चला गया था। तब उसने कहा था कि वो अपने बच्चों के पास जा रहा है, बाद में उसने भारत लौटने से इनकार कर दिया। भारत की अदालत विजय माल्या को भगोड़ा घोषित कर चुकी है। माल्या पर ब्रिटेन में भी कई मुकदमे चल रहे है। 


 

Similar News