आतंकवादियों के निशाने पर मुंबई की हाजी अली दरगाह, दी हमले की धमकी, मुंबई पुलिस को आया कॉल

आतंकियों के निशाने पर दरगाह आतंकवादियों के निशाने पर मुंबई की हाजी अली दरगाह, दी हमले की धमकी, मुंबई पुलिस को आया कॉल

Anchal Shridhar
Update: 2022-11-04 10:20 GMT
आतंकवादियों के निशाने पर मुंबई की हाजी अली दरगाह, दी हमले की धमकी, मुंबई पुलिस को आया कॉल
हाईलाइट
  • पहले भी मिल चुकी है धमकी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई की प्रसिद्ध हाजी अली की दरगाह आतंकवादियों के निशाने पर है। हाल ही में मुंबई पुलिस के कंट्रोल रुम को कॉल पर हाजी अली दरगाह पर आतंकी हमला करने की धमकी मिली है। इस धमकी भरे कॉल के बाद ताड़देव पुलिस दरगाह पहुंची और मस्जिद प्रबंधन को अलर्ट किया। प्रशासन ने मामले की जांच के लिए एक बीडीडीएस और कॉनवेन्ट वेन को भी मौके पर रवाना किया। इस बीच इलाके में एल एंड टी के प्रोजेक्ट साइट की जांच की गई। जानकारी के मुताबिक, अभी तक टीम के हाथ कोई सुराग लगा है। 

सूत्रों के अनुसार 3 नवंबर को मुंबई पुलिस को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर हाजी अली दरगाह पर हमला करने की धमकी दी। पुलिस ने जब कॉलर को फिर से कॉल करने की कोशिश की तो उसका फोन बंद आ रहा था। जानकारी के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर कहा था कि 17 आतंकी हाजी अली की दरगाह पर हमला करने वाले हैं। फोन नंबर के बारे में छानबीन करने पर पुलिस को पता लगा कि फोन करने वाला शख्स उल्हासनगर का है और उसकी दिमागी हालत सही नहीं है। उसका इलाज भी चल रहा है। पुलिस कॉलर के इस तरह के कॉल करने के पीछे का कारण जानने की कोशिश कर रही है। 

पहले भी मिल चुकी है धमकी 

गौरतलब है कि मुंबई पुलिस को धमकी मिलने की यह पहली घटना नहीं है इससे पहले भी ऐसा हो चुका है। इसी साल 20 अगस्त को मुंबई ट्रैफिक पुलिस के कंट्रोल रुम को भी धमकी भरा फोन आया था, जिसमें आतंकी हमले करने की चेतावनी दी गई थी। उस समय मुंबई के सीपी विवेक फनसालकर ने बताया था कि देर रात मुंबई में ट्रैफिक पुलिस कंट्रोल रुम को कुछ धमकी भरे मैसेज मिले थे, जिसमें आतंकी हमला करने की धमकी दी गई थी।  

फनसालकर के मुताबिक इन मैसेजों में पिछले दिनों उदयपुर और अमरावती में हुई घटनाओं का जिक्र किया गया था। साथ ही 26/11 जैसे हमले करने की बात कही गई थी। मैसेज में लिखा था कि अगर तुम इस नंबर को ट्रेस करने का प्रयास करोगे तो वह भारत से बाहर का निकलेगा। साथ में लिखा था कि धमाका करने वाले लोग जल्द ही पहुंचने वाले हैं।  

Tags:    

Similar News