झारखंड के मदरसों में भी राष्ट्रगान अनिवार्य

झारखंड के मदरसों में भी राष्ट्रगान अनिवार्य

Bhaskar Hindi
Update: 2017-11-09 16:15 GMT
झारखंड के मदरसों में भी राष्ट्रगान अनिवार्य

डिजिटल डेस्क, रांची। झारखंड सरकार ने भी देशभक्ति की अलख जगाने के उद्देश्य से अपने राज्य के सभी मदरसों में रोजाना राष्ट्रगान अनिवार्य कर दिया है। झारखंड की मानव संसाधन विकास मंत्री नीरा यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश की तरह झारखंड में भी सभी स्कूलों और मदरसों में राष्ट्रगान को अनिवार्य किया जाएगा। इसके लिए कानून बनाया जाएगा। हालांकि, इसे कब से लागू किया जाएगा इस बारे में मंत्री ने कोई तारीख नहीं बताई। लेकिन, ऐसा माना जा रहा है कि 15 नवंबर (झारखंड राज्य स्थापना दिवस) तक इसकी अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।

जमशेदपुर सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए शिक्षा मंत्री डॉ। नीरा यादव ने कहा कि शिक्षा में हुए सुधार पर पूरी रिपार्ट स्थापना दिवस पर पेश होगी। हाईस्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए बहाली की प्रक्रिया हो रही है, वहीं उच्च शिक्षा में इसके लिए जेपीएससी से लेकर विवि स्तर तक पर प्रयास हो रहे हैं। नीरा यादव ने कहा कि हर प्रखंड के एक स्कूल को आदर्श बनाया जाएगा।

पूर्वी सिंहभूम की प्रभारी मंत्री डॉ। नीरा यादव ने माना कि रांची-टाटा रोड के निर्माण की गति काफी धीमी है। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के दखल के बाद अब इस सड़क के निर्माण में तेजी आएगी।

इससे पहले उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने 15 अगस्त को सूबे के सभी मदरसों में राष्ट्रगान अनिवार्य कर दिया था। इसकी बाकायदा वीडियो रिकॉर्डिंग का भी आदेश दिया गया था। यूपी सरकार के आदेश में स्वाधीनता दिवस पर सभी मदरसों में छात्र-छात्राओं द्वारा राष्ट्रीय गीतों का प्रस्तुतिकरण करने, स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को श्रद्धांजलि देने, उनके सम्बन्ध में बच्चों को बताने और राष्ट्रीय एकता पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया था। यूपी सरकार के इस फरमान की काफी आलोचना हुई थी। लेकिन सरकार का कहना था कि वो तुष्टिकरण की राजनीति नहीं करती। 

Similar News