नौतपा दूसरा दिन: राजस्थान का चुरू और पाकिस्तान के दो शहर दुनिया में सबसे गर्म, 50 डिग्री पहुंचा तापमान

नौतपा दूसरा दिन: राजस्थान का चुरू और पाकिस्तान के दो शहर दुनिया में सबसे गर्म, 50 डिग्री पहुंचा तापमान

Bhaskar Hindi
Update: 2020-05-26 18:26 GMT
नौतपा दूसरा दिन: राजस्थान का चुरू और पाकिस्तान के दो शहर दुनिया में सबसे गर्म, 50 डिग्री पहुंचा तापमान

डिजिटल डेस्क नई दिल्ली। कोरोना वायरस महासंकट के बीच पूरे देश में प्रचंड गर्मी का सितम जारी है। नौतपा के दूसरे दिन ही गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। मंगलवार को राजस्थान का चुरू दुनिया के सबसे गर्म शहरों में शामिल हो गया। यहां का तापमान 50 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह तापमान 10 साल में मई के महीने का दूसरा अधिकतम तापमान है। 2016 में 19 मई को चूरू में पारा 50.2 डिग्री तक गया था। पाकिस्तान के दो शहरों में भी यही तापमान रहा। अगले कुछ दिनोंं तक राहत मिलने के आसार नहीं हैं। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) की मानें तो अगले सप्ताह तक केरल में मॉनसून दस्तक दे सकता है।

राजस्थान के अलावा, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश और तेलंगाना के कई हिस्से मंगलवार को बेहद गर्म रहे। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को उत्तरप्रदेश के बांदा और ​हरियाणा के हिसार में 48 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पालम इलाके में पारा 47.6 डिग्री पहुंच गया, जो 10 साल में सबसे ज्यादा है।मौसम विभाग ने बताया है कि ये गर्म और सूखा मौसम मई के आखिर तक रहेगा। लू का सितम दिल्ली से लेकर पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में जारी रहेगा। मध्य भारत के राज्यों में भी 28 मई तक स्थिति ऐसी ही बनी रहेगी। हालांकि, पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी बारिश का अनुमान हैं। वहीं, केरल और दक्षिणी कर्नाटक में भी हल्की बारिश हो सकती है। 

राजस्थान (चूरू): 10 साल में दूसरी बार पारा 50 हुआ
मौसम वैज्ञानिक कुलदीप श्रीवास्तव के मुताबिक, 10 साल में यह दूसरा मौका है जब चूरू में पारा 50 डिग्री सेल्सियस हुआ। इसके पहले 19 मई 2016 को तापमान 50.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। राजस्थान के कई शहरों में नगरपालिका ने सड़कों पर पानी का छिड़काव कराया। कई जगहों पर तो दिन की शुरूआत ही 30 डिग्री तापमान के साथ हो रही है। सुबह 9 बजे ही गर्म हवा चल रही है।

दुनिया के सबसे गर्म शहर

शहर देश तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
चूरू भारत 50
जैकबाबाद पाकिस्तान 50
नवाबशाह पाकिस्तान 50
पड़ीदन पाकिस्तान 49
रोहड़ी पाकिस्तान 48
हिसार भारत 48
बांदा भारत 48

देश के कई हिस्सों में भयंकर हीटवेव
आईएमडी में वैज्ञानिक डॉ नरेश कुमार ने बताया है कि देश के कई हिस्सों में भयंकर हीटवेव चल रही है। इसके मुख्य रूप से अगले दो दिनों तक जारी रहने की संभावना है। हरियाणा, पश्चिमी मध्यप्रदेश, विदर्भ और राजस्थान में रेड अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, अगले दो दिनों के बाद पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान में मामूली गिरावट आएगी।

देश के सबसे गर्म शहर

शहर प्रदेश तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
चूरू राजस्थान 50
हिसार हरियाणा 48
बांदा उत्तरप्रदेश 48
पालम दिल्ली 47.6
बीकानेर राजस्थान 47.4
प्रयागराज उत्तरप्रदेश 47.1
बूंदी राजस्थान 46
नारनौल हरियाणा 46
जयपुर राजस्थान 45
टिटलागढ़ ओडिशा 45.5
पटियाला पंजाब 44.7

मध्यप्रदेश में 43 से 45 डिग्री के बीच रहेगा पारा
आईएमडी ने भविष्यवाणी की है कि मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आज तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। साथ ही विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में पारा 43 से 45 डिग्री के बीच रहने वाला है। 

अमृतसर में 44 डिग्री तापमान दर्ज किया गया
पंजाब के अमृतसर शहर में मंगलवार को 44 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कहा है कि आने वाले दिनों में तापमान 32 से 44 डिग्री के बीच रहेगा। विभाग ने कहा है कि लोग दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने से बचें।

Tags:    

Similar News