पीएनबी स्कैम : नीरव मोदी की धमकी, कहा- भारत भेजा तो कर लूंगा आत्महत्या

पीएनबी स्कैम : नीरव मोदी की धमकी, कहा- भारत भेजा तो कर लूंगा आत्महत्या

Bhaskar Hindi
Update: 2019-11-07 04:13 GMT

डिजिटल डेस्क, लंदन। पंजाब नेशनल बैंक धोखाधड़ी मामले के आरोपी नीरव मोदी की जमानत याचिका यूके की कोर्ट ने खारिज कर दी। कोर्ट में सुनवाई के दौरान मोदी ने अपना आपा खो दिया। उसने कहा कि अगर उसे भारत को सौंपा गया तो वह आत्महत्या कर लेगा। नीरव मोदी ने आरोप लगाया कि जेल में उसके साथ मारपीट हुई। उसकी दलीलों का अदालत में कोई असर नहीं हुआ और उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी गई। 

मोदी को बुधवार को वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया। वह अपने वकील हुगो कीथ क्सूसी के साथ आया था। नीरव मोदी के वकील ने दावा कि जेल में उसे तीन पर पीटा गया। वकील ने कहा कि मंगलवार सुबह जेल में दो कैदियों ने नीरव को जमीन पर गिराकर काफी मारा। ये हमला नीरव मोदी को निशाना बनाते हुए किया गया था। उन्होंने कहा कि जेल के अधिकारियों ने इस मामले में कुछ नहीं किया। 

इसके बाद नीरव ने अपनी बात अदालत में रखते हुए कहा कि अगर उसे भारत भेजा गया तो वह खुदखुशी कर लेगा। उसने कहा कि भारत में निष्पक्ष ट्रायल की उम्मीद नहीं है। 

बता दें कि 48 वर्षीय हीरा व्यापारी, लगभग 2 बिलियन डॉलर के पंजाब नेशनल बैंक (PNB) धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले का आरोपी है। नीरव मोदी का जमानत का ये चौथा प्रयास था। नीरव को जमानत याचिका खारिज होने के बाद वापस दक्षिण-पश्चिम लंदन की वैंड्सवर्थ जेल में ले जाया गया। अगली बार 4 दिसंबर को उसी अदालत के सामने वीडियो लिंक के जरिए पेश किया जाएगा। भारत की अपील पर प्रत्यर्पण वारंट जारी होने के बाद लंदन पुलिस ने 19 मार्च को उसे गिरफ्तार किया था। 

Tags:    

Similar News