Nirbhaya Justice: दोषियों की फांसी पर बोले पीएम- न्याय हुआ, नारी शक्ति ने हर क्षेत्र में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

Nirbhaya Justice: दोषियों की फांसी पर बोले पीएम- न्याय हुआ, नारी शक्ति ने हर क्षेत्र में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

Bhaskar Hindi
Update: 2020-03-20 06:34 GMT
Nirbhaya Justice: दोषियों की फांसी पर बोले पीएम- न्याय हुआ, नारी शक्ति ने हर क्षेत्र में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
हाईलाइट
  • कहा- महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इसका अत्यधिक महत्व
  • निर्भया के चारों दोषियों की फांसी पर पीएम मोदी ने किया ट्वीट

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। निर्भया कांड के चारों आरोपियों को सात साल बाद आज (20 मार्च) सुबह तिहाड़ जेल में फांसी के फंदे पर लटका दिया गया। दोषियों को फांसी दिए जाने के बाद से देश में जश्न का माहौल है। निर्भया को मिले इस इंसाफ को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं की गरिमा की जीत बताया है।

निर्भया के दोषियों की फांसी पर पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, न्याय हुआ है। महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इसका अत्यधिक महत्व है। हमारी नारी शक्ति ने हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। हमें मिलकर एक ऐसे राष्ट्र का निर्माण करना है, जहां महिला सशक्तीकरण पर ध्यान दिया जाए, जहां समानता और अवसर पर जोर हो।

Nirbhaya Case: बेटी के इंसाफ पर बोली मां आशा देवी- आज का सवेरा "निर्भय"

आज की सुबह आशा की किरण लेकर आई- ईरानी
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने शुक्रवार को निर्भया मामले में मिले न्याय की प्रशंसा की। ईरानी ने कहा, यह सुबह आशा की किरण लेकर आई है। हालांकि बहुत देर सही, लेकिन न्याय मिला है। यह इस देश में हर एक व्यक्ति के लिए एक मजबूत संदेश है, जो महिलाओं की विनम्रता को खत्म करने की हिमाकत करता है, जो सोचता है कि वह महिलाओं के खिलाफ जघन्य अपराध करने के बाद कानून के शिकंजे से बच जाएगा। यह संदेश है कि एक दिन कानून आपको पकड़ लेगा। मैं आज खुश हूं, निर्भया को आखिरकार इंसाफ मिला।

प्रण लें कि न हो निर्भया जैसे दूसरे मामले-केजरीवाल
वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने निर्भया के दोषियों को फांसी पर लटकाए जाने के बाद लोगों से अपील करते हुए कहा कि प्रण लें कि निर्भया जैसा दूसरा मामला ना हो। केजरीवाल ने कहा, सात साल बाद, निर्भया के दोषियों को फांसी दी गई। आज एक ऐसा दिन है, जब प्रण लेने की जरूरत है कि अब कोई दूसरी निर्भया न बनें। पुलिस, कोर्ट, राज्य सरकार, केंद्रीय सरकार-सभी यह मिलकर प्रण लें कि हम सिस्टम की खामियों को दूर करेंगे और किसी भी बेटी के साथ ऐसा नहीं होने देंगे।

Tags:    

Similar News