दमन-दीव में पीएम मोदी ने लॉन्च की 1000 करोड़ की परियोजनाएं, बोले- मिनी इंडिया है दमन

दमन-दीव में पीएम मोदी ने लॉन्च की 1000 करोड़ की परियोजनाएं, बोले- मिनी इंडिया है दमन

Bhaskar Hindi
Update: 2018-02-24 13:39 GMT
दमन-दीव में पीएम मोदी ने लॉन्च की 1000 करोड़ की परियोजनाएं, बोले- मिनी इंडिया है दमन

डिजिटल डेस्क, दमन। पीएम मोदी शनिवार को केंद्र शासित प्रदेश दमन पहुंचे। यहां उन्होंने करीब 1000 करोड़ रुपए की विकास योजनाओं का उद्घाटन किया। इसके साथ ही पीएम मोदी ने अहमदाबाद को दीव से जोड़ने वाली उड़ान योजना और दमन-दीव के बीच हेलिकॉप्टर सेवा की भी शुरुआत की। उद्घाटन कार्यक्रम के बाद पीएम ने यहां एक जनसभा को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा, "आज के समय में दमन मिनी इंडिया बन गया है। यहां देश के हर कोने से आए हुए लोग रहते हैं। जो बातें हम दिल्ली-मुंबई में देखते हैं वही दमन में भी दिखाई देती हैं।"

जनसभा में आए लोगों को धन्यवाद देते हुए पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत की। उन्होंने कहा, "इससे पहले दमन के इतिहास में न तो इतना बड़ा जनसैलाब कभी आया होगा और न ही विकास के लिए एक हजार करोड़ रुपये की योजनाएं लागू की गई होंगी।" जनसभा में पीएम मोदी ने केन्द्र सरकार द्वारा दमन-दीव में शुरू की गई विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा...
 

  • दमन में 1 लाख LED बल्ब बाटे गए हैं। इससे अकेले दमन में मध्यम वर्गीय परिवारों को 7 करोड़ रुपए से अधिक की बचत हुई है।
  • आज दमन-दीव को हवाई मार्ग से जोड़ दिया गया है। दीव को भी अहमदाबाद से जोड़ दिया गया है. इससे यह विकास की धारा से जुड़ गया है।
  • दमन खुले में शौच से मुक्त हो गया है। यह एक बड़ी उपलब्धि है। दमन में सफाई अभियान भी व्यापक स्तर पर देखने को मिला है, जिससे यहां पर्यटन को भी बढ़ावा मिला है।
  • दमन में ग्रीन मूवमेंट चल रहा है। अब यहां बहन-बेटियां ई-रिक्शा चलाती नजर आएंगी, जो हमारे लिए सम्मान की बात होगी।
  • केंद्र सरकार ने यहां के लोगों को सेंट्रल यूनिवर्सिटी की सौगात दे रही है।
  • मछुआरों के लिए वैट और जीएसटी की ड्यूटी केरोसीन पर जीरो कर दी जाएगी।
  • दमन में आए मजदूरों के लिए पीपीपी मॉडल के जरिए बेहतर आवास बनाए गए हैं।


इन योजनाओं की हुई शुरुआत

  • दमन और दीव के बीच हेलिकॉप्टर सेवा की शुरुआत की गई।
  • अहमदाबाद को दीव शहर से जोड़ने वाली उड़ान योजना का उद्घाटन हुआ।
  • जलशोधन संयंत्र, गैस पाइपलाइन, बिजली सबस्टेशन, म्यूनिसिपल मार्केट और फुट ओवरब्रिज परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई।
  • कारपोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत बनाए गए बाल रक्षा केंद्र (आंगनवाड़ी) और स्कूलों का उद्घाटन हुआ।
  • महिलाओं को ई रिक्शा तथा शारीरिक रूप से अक्षम लोगों को स्कूटर वितरित किए गए।
     

Similar News