छत्तीसगढ़: कांग्रेस भवन में घुसी पुलिस, कार्यकर्ताओं को घसीटकर निकाला बाहर, डंडों से पीटा

छत्तीसगढ़: कांग्रेस भवन में घुसी पुलिस, कार्यकर्ताओं को घसीटकर निकाला बाहर, डंडों से पीटा

Bhaskar Hindi
Update: 2018-09-19 04:30 GMT
हाईलाइट
  • पुलिस की कार्रवाई में दर्जनों कांग्रेसी घायल हो गए हैं
  • पुलिस के इस एक्शन की हर तरफ आलोचना हो रही है
  • लाठीचार्ज से बचकर यहां-वहां भागते नजर आए कांग्रेसी

डिजिटल डेस्क, रायपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पुलिस ने कांग्रेस कार्यालय से कार्यकर्ताओं को निकालकर घसीट-घसीटकर पीटा। लाठीचार्ज के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता यहां-वहां दौड़ते भागते नजर आए। पुलिस की कार्रवाई में दर्जनों कांग्रेसी घायल हो गए, जिसके बाद पुलिस के इस कदम की आलोचना हो रही है। घटना के विरोध में बुधवार को पूरे छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पुतला दहन करने वाली है। मुख्यमंत्री रमन सिंह घटना की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं।

 

राहुल गांधी ने ट्वीट किया वीडियो

 

 

सीएम रमन ने दिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश
कांग्रेसियों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत गर्मा गई है। बैकुंठपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम रमन सिंह ने कहा है कि बिलासपुर में मंत्री के घर में कचरा फेंकना और कांग्रेस भवन में लाठीचार्ज दोनों ही घटनाएं गलत हैं और वो इसकी निंदा करते हैं। सीएम ने पूरे घटनाक्रम की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए है और कहा कि जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी। 


मंत्री के घर कचरा फेंकने से नाराज हुई पुलिस
कांग्रेस कार्यकर्ता मंगलवार को छत्तीसगढ़ के नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल के घर का घेराव करने पहुंचे थे। प्रदर्शन कर रहे कांग्रसियों ने मंत्री के बंगले के अंदर कचरा फेंक दिया। इसके बाद पुलिस नाराज हो गई और कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस कार्यकर्ताओं को बंगले पर ही गिरफ्तार करना चाहती थी, लेकिन वो प्रदर्शन कर कार्यालय लौट आए। उनके पीछे-पीछे पुलिस भी कांग्रेस भवन पहुंच गई। कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी देने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिसकर्मी कांग्रेस कार्यालय में घुस गए और लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस को जो भी दिखा उस पर लाठी बरसाना शुरू कर दिया। कई कार्यकर्ताओं को घसीटकर कार्यालय से बाहर निकाला। इसके बाद सभी को गिरफ्तार कर लिया गया। लाठीचार्ज में घायल दर्जनभर कार्यकर्ताओं को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

इसलिए प्रदर्शन कर रहे थे कांग्रेसी
छग के नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल ने कांग्रेस को "कचरा" कहकर संबोधित किया था, जिसके विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध-प्रदर्शन करने पहुंचे थे। विरोध प्रदर्शन में तकरीबन 150 से ज्यादा कार्यकर्ता शामिल थे।

Similar News