हरियाणा के यमुनानगर में प्रवासी मजदूरों पर पुलिस लाठीचार्ज

हरियाणा के यमुनानगर में प्रवासी मजदूरों पर पुलिस लाठीचार्ज

IANS News
Update: 2020-05-17 15:01 GMT
हरियाणा के यमुनानगर में प्रवासी मजदूरों पर पुलिस लाठीचार्ज

चंडीगढ़, 17 मई (आईएएनएस)। हरियाणा के यमुनानगर में रविवार को पुलिस ने प्रवासी मजदूरों पर लाठीचार्ज किया, जो वहां से करीब 20 किलोमीटर दूर उत्तर प्रदेश की सीमा की ओर जाने की कोशिश कर रहे थे।

मजदूरों को वापस शिविर की ओर भागते देखा गया। उनमें से कुछ लोग अपना सामान और साइकिल वहीं पर छोड़कर भाग पड़े।

अधिकारियों ने आईएएनएस को बताया कि वे केवल उन प्रवासियों को उत्तर प्रदेश की ओर जाने की अनुमति दे रहे हैं, जो पंजीकृत हैं और विशेष रूप से उनके लिए सरकार द्वारा स्थापित राहत केंद्रों में रहते हैं।

एक अधिकारी ने कहा, पड़ोसी राज्यों (पंजाब और हिमाचल प्रदेश) के प्रवासियों की आमद अचानक यहां तक पहुंच गई और वे उत्तर प्रदेश की सीमा की ओर जा रहे थे। उन्हें चेतावनी दी गई कि वे उत्तर प्रदेश की ओर न जाएं और जब उन्होंने अपनी यात्रा जारी रखने की कोशिश की, तो पुलिस ने लाठीचार्ज किया।

उन्होंने कहा कि सरकारी राहत केंद्रों में रहने वाले प्रवासियों को मेडिकल जांच और सामाजिक दूरी के अनुपालन के साथ बसों में जत्थों में ले जाया गया। हरियाणा को पार करने के बाद, उन्हें आगे की यात्रा के लिए उत्तर प्रदेश के अधिकारियों के हवाले कर दिया गया।

उत्तर प्रदेश में पैदल प्रवासियों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

एक मजदूर ने कहा, हम यहां फिर कभी नहीं लौटेंगे। हम लुधियाना (पंजाब में) से पिछले छह दिनों से पैदल चलते रहे हैं। हमारी मदद करने के बजाय पुलिस हमें पीट रही है।

एक अन्य मजदूर ने कहा कि वे लोग खेतों, नालों, घग्गर नदी को पार करके राज्य की राजधानी से करीब 100 किलोमीटर दूर यमुनानगर पहुंचे, क्योंकि पुलिस उन्हें राजमार्गो और संपर्क मार्गो पर आवाजाही की अनुमति नहीं दे रही है।

पुलिस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि सरकार प्रवासी मजदूरों पर कितना जुल्म ढाएगी।

सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा, खट्टर सरकार प्रवासी मजदूरों को दौड़ा-दौड़ा कर पीट रही है।

घटना की एक वीडियो क्लिप को टैग करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा, इन्हीं हवाई चप्पल वालों को जहाज में बिठाने का वादा कर सत्ता में आई थी न भाजपा?

Tags:    

Similar News