Political Wedding:वैलेंटाइन डे पर कांग्रेस नेता की बेटी भाजपा नेता के पोते के साथ शादी के बंधन में बंधी 

Political Wedding:वैलेंटाइन डे पर कांग्रेस नेता की बेटी भाजपा नेता के पोते के साथ शादी के बंधन में बंधी 

Bhaskar Hindi
Update: 2021-02-14 13:42 GMT
Political Wedding:वैलेंटाइन डे पर कांग्रेस नेता की बेटी भाजपा नेता के पोते के साथ शादी के बंधन में बंधी 
हाईलाइट
  • ऐश्वर्या और अमर्त्य ने 19 नवंबर को शहर के बाहरी इलाके में एक होटल में सगाई की थी।
  • वैलेंटाइन डे के मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता एस.एम.कृष्णा के पोते अमर्त्य हेगड़े के साथ परिणय-सूत्र में बंधन गईं।
  • शादी समारोह के दौरान कोविड प्रोटोकॉल का पालन किया गया।

बेंगलुरु (आईएएनएस)। कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार की बड़ी बेटी ऐश्वर्या वैलेंटाइन डे के मौके पर रविवार को वरिष्ठ भाजपा नेता एस.एम.कृष्णा के पोते अमर्त्य हेगड़े के साथ परिणय-सूत्र में बंधन गईं। शादी यहां के एक होटल में हुई। इस मौके पर राज्य के मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा, कई कैबिनेट मंत्री, राज्यसभा में विपक्षी पार्टी कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और एच.डी. कुमारस्वामी समेत कई राजनेता, मशहूर हस्तियां और कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के सितारे इस मौके पर मौजूद रहे।

अमर्त्य, कैफे कॉफी डे के दिवंगत संस्थापक वी.जी. सिद्धार्थ और कृष्णा की बड़ी बेटी मालविका हेगड़े के बेटे हैं। पार्टी के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, विवाह समारोह वोक्कालिगा समुदाय की धार्मिक परंपरा के अनुसार संपन्न हुआ। शादी समारोह के दौरान कोविड प्रोटोकॉल का पालन किया गया।

बता दें कि ऐश्वर्या और अमर्त्य ने 19 नवंबर को शहर के बाहरी इलाके में एक होटल में सगाई की थी। कृष्णा यूपीए-2 सरकार (2009-12) में विदेश मंत्री थे और 1999-2004 तक राज्य के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। उस समय वे कांग्रेस में थे।

शादी के मौके पर ऐश्वर्या ने सुनहरी कढ़ाई वाली लाल और सफेद रंग की साड़ी पहनी हुई थीं, वहीं अमर्त्य ने सफेद कुर्ता और पायजामा पहना था। कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए बड़े समारोहों पर लगाए गए प्रतिबंधों के मद्देनजर शिवकुमार ने अपने गृह जिले और पार्टी कैडर के सैकड़ों समर्थकों से अपील की है कि वे अपने घर से ही सोशल मीडिया के जरिए दंपति को आशीर्वाद दें।

शिवकुमार बेंगलुरु से दक्षिण पश्चिम में लगभग 60 किलोमीटर दूर पड़ोसी जिले रामनगर के कनकपुरा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक हैं। नवविवाहित जोड़े का रिसेप्शन 17 फरवरी को बेंगलुरु में होगा।

 

 

Tags:    

Similar News