पीएम मोदी ने पाकिस्तान को चेताया, कहा- सीमा पर पराक्रम दिखा रही है सेना

पीएम मोदी ने पाकिस्तान को चेताया, कहा- सीमा पर पराक्रम दिखा रही है सेना

Bhaskar Hindi
Update: 2019-02-28 07:44 GMT
पीएम मोदी ने पाकिस्तान को चेताया, कहा- सीमा पर पराक्रम दिखा रही है सेना
हाईलाइट
  • दुश्मन देश को अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है। 
  • देश का वीर जवान सीमा पर और सीमा पार अपना पराक्रम दिखा रहा है।
  • भारत-पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण स्थिति को लेकर पीएम मोदी का संदेश।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच बने तनावपूर्ण हालातों को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया है। पीएम मोदी ने कहा, दुश्मन देश को अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन हम रुकेंगे नहीं बल्कि और तेज गति से आगे बढ़ते जाएंगे। पीएम मोदी ने कहा इस समय देश की भावनाएं एक अलग स्तर पर हैं। देश का वीर जवान सीमा पर और सीमा के पार भी अपना पराक्रम दिखा रहा है। पूरा देश एक है और हमारे जवानों के साथ खड़ा है।

 

 

गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजेपी के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, हमें अपनी सेना पर पूरा भरोसा है। हमें ऐसा कुछ भी नहीं करना है जिससे सेना का मनोबल घटे। हमें ये बताना होगा कि देश किसी भी कीमत पर नहीं रूकेगा। पीएम ने कहा, भारत एक बनकर रहेगा, भारत एक बनकर जिएगा, भारत एक बनकर काम करेगा, भारत एक बनकर आगे बढ़ेगा, भारत एक बनकर लड़ेगा और भारत एक बनकर जीतेगा। हमारा देश नई नीति और नई रीति के साथ क्षमताओं के विस्तार करने में जुटा है। आज भारत आत्मविश्वास से भरा हुआ है। भारत का युवा उत्साह और ऊर्जा से भरा है। किसान से जवान तक हर किसी को विश्वास मिला है कि नामुमकिन अब मुमकिन है।

 

 

पीएम मोदी ने कहा, देश की सुरक्षा और सामर्थ्य का संकल्प लेकर हमारा जवान सीमा पर जुटा हुआ है। हम सब पराक्रमी भारत के नागरिक हैं। इसलिए हम सबको भी सिपाही बनकर देश की समृद्धि और सौहार्द के लिए दिन रात एक करना होगा। यह हमारी पहली जिम्मेदारी है। पराक्रमी कभी यह नहीं सोचता, बहुत हो गया सो जाओ।
 

 

पीएम मोदी ने कहा, जब दुश्मन भारत को अस्थिर करने साजिश करता है। जब आतंकी हमला करता है। उनका एक मकसद यह भी होता है कि हमारी प्रगति रुक जाए, हमारी गति रुक जाए। हमारा देश थम जाए। उनके इस मकसद के सामने हर भारतीय को चट्टान बनकर खड़े रहना होगा।

Similar News