कर्नाटक के बीदर से राहुल गांधी ने किया मिशन 2019 का आगाज

कर्नाटक के बीदर से राहुल गांधी ने किया मिशन 2019 का आगाज

Bhaskar Hindi
Update: 2018-08-13 09:14 GMT
कर्नाटक के बीदर से राहुल गांधी ने किया मिशन 2019 का आगाज
हाईलाइट
  • कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का दो दिवसीय दक्षिण भारत दौरा आज से।
  • राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर साधा निशाना।
  • राहुल ने अपनी यात्रा के दौरान कर्नाटक के बीदर में एक 'किसान रैली' को संबोधित किया।

डिजिटल डेस्क, बेंगलूरू। मिशन 2019 को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सोमवार से दो दिवसीय दक्षिण भारत की यात्रा पर हैं। राहुल ने अपनी यात्रा के दौरान कर्नाटक के बीदर में एक "किसान रैली" को संबोधित किया। इस दौरान राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, "दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने की बात की और अब कहते हैं कि पकौड़े बनाओ, हम आपको गैस नहीं देंगे, गैस भी आपको नाले में से निकालकर कूकर में डालनी पड़ेगी।"

 

 

कांग्रेस अध्यक्ष ने किसानों की कर्ज माफी के मुद्दे पर पीएम मोदी को चुनौती दी। उन्होंने कहा कि, "मैं इस मंच से पीएम मोदी को चुनौती देता हूं कि कर्नाटक सरकार ने किसानों का कर्ज माफ कर दिया। अब आप कर्नाटक में माफ किए लोन का पचास फीसदी हिस्सा किसानों को मुहैया कराएं, लेकिन आप ऐसा नहीं करेंगे।" वहीं राहुल गांधी ने राफेल डील पर पीएम मोदी को चुनौती दी। उन्होंने कहा कि, "इस डील को लेकर देश की जनता से झूठ बोला गया है। मैं पीएम मोदी से इस मुद्दे पर कहीं भी बहस करने को तैयार हूं। 

 

 

गौरतलब है कि कर्नाटक का बीदर प्रदेश में लंबे समय तक चले किसान आंदोलन का मुख्य केंद्र रहा है। हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में राहुल गांधी ने वादा किया था कि यदि कांग्रेस की सरकार फिर से बनती है तो किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। कर्नाटक में जेडीएस और कांग्रेस गठबंधन की सरकार है, और राहुल गांधी के किए वादे के मुताबिक ही सीएम एच डी कुमारस्वामी ने अपने पहले बजट में किसानों के कर्ज माफी की घोषणा कर दी थी। केंद्र की मोदी सरकार की तरफ से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) वृद्धि पर राहुल गांधी अक्सर तंज करते पाए गए हैं कि जितना केंद्र सरकार फसलों का एमएसपी बढ़ाकर पूरे देश में खर्च कर रही है उससे कहीं ज्यादा कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन सरकार ने किसानों की कर्ज माफी में खर्च करने का वादा किया है।

Similar News