Lockdown Impact: पब्लिक डिमांड पर कल से दूरदर्शन पर फिर प्रसारित होगा रामायण

Lockdown Impact: पब्लिक डिमांड पर कल से दूरदर्शन पर फिर प्रसारित होगा रामायण

Bhaskar Hindi
Update: 2020-03-27 05:29 GMT
Lockdown Impact: पब्लिक डिमांड पर कल से दूरदर्शन पर फिर प्रसारित होगा रामायण
हाईलाइट
  • दूरदर्शन मशहूर सीरियल रामायण का 28 मार्च से फिर करेगा प्रसारण
  • लॉकडाउन के बीच सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर का ऐलान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कोरोना वायरस के संकट से निपटने के लिए देश में 21 दिन का लॉकडाउन जारी है। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लोगों से लगातार घरों में रहने की अपील की जा रही है। ऐसी परिस्थिति में लोग आसानी से घर पर ही अपना समय बिता सकें इसके लिए सूचना प्रसारण मंत्रालय ने बड़ा फैसला लिया है। सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने शुक्रवार को ऐलान किया है कि, दूरदर्शन पर फिर से रामानंद सागर की रामायण का प्रसारण किया जाएगा। मशहूर टीवी सीरियल रामायण दूरदर्शन पर कल यानी 28 मार्च से शुरू हो रहा है।

टेलीविजन की दुनिया में लोकप्रियता के नए मानक गढ़ने वाले धारावाहिक रामायण का शनिवार से फिर से प्रसारण होगा, ताकि लॉकडाउन के दौरान घरों में समय गुजार रही जनता का मनोरंजन हो सके। सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने शुक्रवार को बताया, लॉकडाउन के बीच पब्लिक की डिमांड पर शनिवार से रामायण का प्रसारण फिर से दूरदर्शन के नेशनल चैनल पर शुरू होगा। उन्होंने बताया, पहला एपिसोड सुबह 9 बजे से 10 बजे तक और दूसरा एपिसोड रात 9 बजे से 10 बजे तक चलेगा।

महाभारत के प्रसारण पर भी विचार कर रही सरकार
सरकार बी आर चोपड़ा के मशहूर सीरियल "महाभारत" को भी फिर से प्रसारित करने पर भी विचार कर रही है। रामानंद सागर की "रामायण" का प्रसारण 1987 में पहली बार और बीआर चोपड़ा की "महाभारत" का प्रसारण 1988 में पहली बार दूरदर्शन पर हुआ था।

कोविड-19: पूरी दुनिया में कोरोना से हाहाकार, वैश्विक मामलों की संख्या 5 लाख के पार, 22 हजार से ज्यादा मौतें

लॉकडाउन के बाद से लोग कर रहे थे मांग
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते दिनों कोरोनावायरस के कारण 21 दिनों के लॉकडाउन की घोषणा की थी तो भाजपा नेता अश्विनी उपाध्याय सहित तमाम लोगों ने सोशल मीडिया पर रामायण और महाभारत के प्रसारण की मांग उठाई थी। इसके बाद प्रसार भारती के सीईओ शशि शेखर ने बीते 26 मार्च को फिर से प्रसारण के संकेत दिए थे। आखिरकार सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने फैसला किया और मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने शुक्रवार को इसके प्रसारण के समय की जानकारी दी।

78 एपिसोड का होगा प्रसारण-
रामायण का लेखन से लेकर निर्देशन रामानंद सागर ने किया था। इसलिए इस टीवी सीरीज को रामानंद रामायण भी कहा जाता है। यह धारावाहिक दूरदर्शन के राष्ट्रीय चैनल पर दिखाया जाता था। कुल 78 एपिसोड वाले इस धारावाहिक का देश मे पहली बार मूल प्रसारण 25 जनवरी, 1987 से लेकर 31 जुलाई, 1988 तक हुआ था। इस दौरान हर रविवार को सुबह साढ़े नौ बजे यह धारावाहिक टीवी पर आता था।

तुलसीदास के रामचरित मानस पर आधारित इस धारावाहिक का जब पहली बार देश में प्रसारण होना शुरू हुआ तो इसके प्रसारण के समय मानो देश ठहर जाता था। लोग कामकाज छोड़कर सुबह साढ़े नौ बजे ही टीवी से चिपक जाते थे। हालांकि उस वक्त बहुत कम घरों में टेलीविजन थे, तो जिनक घर सुविधा होती थी वहां पड़ोसियों की भीड़ उमड़ पड़ती थी।

अरुण गोविल-राम, दीपिका-सीता की भूमिका में
लोग सीरियल में काम करने वाले कलाकार अरुण गोविल (राम), दीपिका(सीता) को भगवान की तरह पूजते थे। इस धारावाहिक में दारा सिंह हनुमान की भूमिका में थे। मजेदार बात तो यह थी कि इस सीरियल में राम, सीता और लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे कलाकारों को लोगों ने असली के भगवान का दर्जा दे दिया था। इस सीरियल में लक्ष्मण का किरदार सुनील लहरी ने निभाया था।

1987 से 1988 तक चले प्रसारण के दौरान रामायण देश ही नहीं दुनिया में सबसे अधिक देखा जाने वाला धारावाहिक बन गया था। जून 2003 तक लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्डस में यह विश्व के सर्वाधिक देखे जाने वाले पौराणिक धारावाहिक के रूप में दर्ज रहा।

 

 

Tags:    

Similar News