दिल्ली: सिग्नेचर ब्रिज पर डिवाइडर से टकराई बाइक, 2 की मौत, सेल्फी के कारण हादसे की आशंका

दिल्ली: सिग्नेचर ब्रिज पर डिवाइडर से टकराई बाइक, 2 की मौत, सेल्फी के कारण हादसे की आशंका

Bhaskar Hindi
Update: 2018-11-23 05:22 GMT
दिल्ली: सिग्नेचर ब्रिज पर डिवाइडर से टकराई बाइक, 2 की मौत, सेल्फी के कारण हादसे की आशंका
हाईलाइट
  • डिवाइडर से जा टकराई बाइक
  • बाइक पर सवार थे दो युवक
  • शुक्रवार सुबह हुआ हादसा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सेल्फी के लिए कई बार युवा पीढ़ी जान जोखिम में डालने से भी पीछे नहीं हटती है। ऐसा ही एक वाकया दिल्ली के सिग्नेचर ब्रिज पर सामने आया है, जहां सेल्फी लेने के चक्कर में दो युवकों की जान चली गई। ये हादसा शुक्रवार सुबह हुआ है। यहां पुल पर खड़े होकर सेल्फी ले रहे दो युवकों की पुल से गिरने के बाद मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक सेल्फी ले रहे दोनों युवक बाइक पर सवार थे। सेल्फी लेने के चक्कर में उनकी बाइक डिवाइडर से जा टकराई, जिसके कारण ये हादसा हुआ। हालांकि, कुछ लोगों का कहना है कि दोनों का एक्सीडेंट बाइक की तेज रफ्तार के कारण हुआ।


बता दें कि ब्रिज से गुजरने के दौरान दोनों युवक चलती बाइक पर सेल्फी ले रहे थे। इस दौरान ही उनकी बाइक अचानक डिवाइडर से टकरा गई और दोनों पुल के नीचे जा गिरे। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। दोनों युवकों की बाइक शुक्रवार सुबह 9 बजे डिवाइडर से टकराई थी। जिस जगह बाइक टकराई, उस जगह एक बड़ा गैप था। इस गैप से ही बाइक पुल से नीचे गिर गई और युवकों की मौत हो गई। 


बता दें कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कुछ देने पहले ही पुल का उद्घाटन किया था। तब पुल की खासियत सबसे ऊंचा सेल्फी पॉइंट ही बताई जा रही थी। पुल को जिस दिन से आम लोगों के लिए खोला गया था, उस दिन से ही वहां का सेल्फी पॉइंट प्रशासन के लिए चुनौती बन रहा था। इस पुल पर 154 मीटर ऊंचा ग्लास बॉक्स भी है, जो पर्यटन स्थल है। इस पर खेड़ होकर लोग दिल्ली का 360 व्यू ले सकते हैं। उद्घाटन के बाद से ही सिग्नेचर ब्रिज लगातार विवादों में रहा है। इसके उद्घाटन के दौरान भाजपा सांसद मनोज तिवारी और आप विधायक अमानतुल्ला खान के बीच तीखी झड़प हुई थी। 
 

 

 

 

Similar News