शिवसेना का BJP पर कटाक्ष , कहा- दोस्तों से दगा करने वालों की हार निश्चित

शिवसेना का BJP पर कटाक्ष , कहा- दोस्तों से दगा करने वालों की हार निश्चित

Bhaskar Hindi
Update: 2018-03-16 14:01 GMT
शिवसेना का BJP पर कटाक्ष , कहा- दोस्तों से दगा करने वालों की हार निश्चित

डिजिटल डेस्क, मुंबई। उत्तर प्रदेश और बिहार उपचुनाव में BJP को मिली करारी हार के बाद शिवसेना ने अपने सहयोगी दल पर निशाना साधते हुए कहा है कि यह BJP के अहंकार और दंभ की हार है। शिवसेना ने अपने मुखपत्र "सामना" में कहा है कि 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा को लगभग 110 सीटों का नुकसान होना तय है। शिवसेना ने अपने सहयोगी दल पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि अपने दोस्तों को छोड़ने वालों और झूठ बोलने वालों की पराजय निश्चित होती है। 

282 से 272 पर आ गई है BJP 
शिवेसना ने अपने पार्टी के मुखपत्र में "अंत का आरंभ" शीर्षक के तहत अपने सम्पादकीय में लिखा है कि इन नतीजों ने BJP खेमे में खलबली मचा दी है। पार्टी के दो मजबूत किले- गोरखपुर और फूलपुर में SP जीत गई। पार्टी ने कहा है, "केंद्र में जब से नरेंद्र मोदी की सरकार बनी है, उसके बाद लोकसभा के 10 उपचुनाव हुए जिसमें नौ सीटों पर BJP हार चुकी है। इससे BJP 282 से सिमटकर 272 सीटों के आंकड़े पर आ गई है। यदि ऐसा ही रहा तो साल 2019 के चुनाव में BJP को 100 से 110 सीटों का नुकसान होना तय है।" 

जश्न समाप्त होने से पहले जनता ने नकारा 
सामना में छपे लेख के मुताबिक BJP एक छोटे राज्य त्रिपुरा में मिली जीत का जश्न मनाने में पूरी पार्टी व्यस्त हो गई थी। BJP के यह जश्न समाप्त होने से पहले ही उसे उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों ने उसे नकार दिया जिसके कारण उसे करारी हार का सामना करना पड़ा। हालांकि पिछले साल उत्तर प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव में BJP ने 325 सीटें जीत कर रिकॉर्ड बनाया था। बता दें कि सामना के इस सम्पादकीय लेख में सुझाव दिया गया है कि हमें उन लोगों को स्वीकार करना चाहिए जिन्हें BJP ने नकार दिया है।

चाणक्य भी नहीं रोक सकते BJP का गिरता ग्राफ 
बता दें कि 11 मार्च को 3 लोकसभा सीटों के आए उपचुनावों के नतीजों में बिहार की अररिया सीट पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने जीत दर्ज की, तो वहीं यूपी की गोरखपुर और फूलपुर में समाजवादी पार्टी ने कब्जा किया। जिसके बाद से पार्टी पर निशान साधते हुए कई सारे बयान सामने आ रहे हैं। सामना ने कहा है कि BJP का ग्राफ गिरना शुरू गया है अब कोई भी चाणक्य उस गिरावट को नहीं रोक सकता है।BJP जहां 2019 की तैयारी कर रही है वहीं 2018 में अचानक ही उसे एक के बाद एक झटके मिल रहे हैं। 

Similar News