Sex Racket : पुलिस से बचने के लिए भाग रही दो कॉलगर्ल की मौत

Sex Racket : पुलिस से बचने के लिए भाग रही दो कॉलगर्ल की मौत

Bhaskar Hindi
Update: 2018-04-11 16:51 GMT
Sex Racket : पुलिस से बचने के लिए भाग रही दो कॉलगर्ल की मौत

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मायानगरी की एक बिल्डिंग में चल रहे सेक्स रैकेट का भांडाफोड़ करते हुए पुलिस ने छापेमार कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान पुलिस से बचने के लिए तीसरी मंजिल से रस्सी के सहारे भागने की कोशिश कर रही दो महिलाओं की मौत हो गई। 50 और 30 साल की दोनों महिलाओं को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। सेक्स रैकेट के लिए बदनाम दक्षिण मुंबई के ग्रांटरोड इलाके में स्थित ओम पैलेस नाम की एक इमारत की जांच करने डीबी मार्ग पुलिस की टीम पहुंची थी।

मंगलवार रात साढ़े 10 बजे जांच के लिए पहुंची पुलिसकर्मियों की जानकारी मिलते ही महिलाओं में घबराहट फैल गई। दो महिलाओं ने खिड़की के रास्ते रस्सी के सहारे नीचे उतर कर भागने की कोशिश की। लेकिन संतुलन बिगड़ने के चलते दोनों नीचे गिर पड़ीं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि गंभीर रूप से जख्मी दोनों महिलाओं को इलाज के लिए जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां दोनों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक दोनों महिलाएं मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वालीं थीं। डीबी मार्ग पुलिस ने आकस्मिक दुर्घटना में मौत (एडीआर) दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

एक सप्ताह पहले घर में मर चुकी थी महिला प्रोफेसर
महानगर के अंधेरी इलाके में एक 50 वर्षीय महिला प्रोफेसर की लाश मिली है। मनीषा भावे नाम की महिला यहां के गौरेश अपार्टमेंट में रहती थी। घटना का खुलासा तब हुआ जब पड़ोसियों ने घर से बदबू आने की शिकायत की। मौके पर पहुंची अंधेरी पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर महिला की लाश मिली जो बुरी तरह सड़ चुकी थी। साठे कॉलेज में पढ़ाने वाली भावे की मौत कैसे हुई फिलहाल यह साफ नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि करीब सात दिन पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। भावे अकेले ही रहतीं थीं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और एडीआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने आशंका जताई है कि हार्ट अटैक से प्रोफेसर की मौत हुई है।

Similar News