उप्र : सामूहिक दुष्कर्म के 2 आरोपी गिरफ्तार

उप्र : सामूहिक दुष्कर्म के 2 आरोपी गिरफ्तार

IANS News
Update: 2019-11-03 13:30 GMT
उप्र : सामूहिक दुष्कर्म के 2 आरोपी गिरफ्तार

चित्रकूट, 3 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में चित्रकूट जिले के मऊ थाना क्षेत्र की एक महिला के साथ कथित रूप से घटी सामूहिक दुष्कर्म की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने शनिवार देर शाम दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।

मऊ के थानाध्यक्ष अरुण पाठक ने रविवार को बताया, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो के माध्यम से पहचान कर, महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने वाले नामजद चार अभियुक्तों में से दो कुलदीप और डीजे को शनिवार शाम मऊ कस्बे से गिरफ्तार कर लिया गया है, शेष विक्की गर्ग और कारतूस तथा दो अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है।

उन्होंने बताया, वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि छह युवक एक पुरुष को पेड़ से बांध रहे हैं और उसके साथ मौजूद 24 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म कर रहे हैं। इस मामले में पुलिस अधीक्षक के आदेश पर शुक्रवार देर शाम मुकदमा दर्ज किया गया है।

उल्लेखनीय है कि 28 अक्टूबर को एक महिला अपने जीजा के साथ रिश्तेदारी में जा रही थी, जिसे छह युवकों ने रोक लिया और लूटपाट का विरोध करने पर उसके जीजा को पेड़ में बांधकर महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और उसका वीडियो बनाकर शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था।

महिला ने शुक्रवार को ही अपने परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक से भेंट की और उसने आरोप लगाया था कि सूचना देने के बाद भी मऊ पुलिस ने उसकी रिपोर्ट नहीं दर्ज की और अब आरोपियों ने वीडियो वायरल कर दिया है।

-- आईएएनएस

Tags:    

Similar News