मुंगेर की मशरूम महिला वीणा देवी को मिला नारी शक्ति सम्मान
मुंगेर की मशरूम महिला वीणा देवी को मिला नारी शक्ति सम्मान
- मुंगेर की मशरूम महिला वीणा देवी को मिला नारी शक्ति सम्मान
नई दिल्ली, 8 मार्च (आईएएनएस)। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने रविवार को जिन महिलाओं को नारी शक्ति सम्मान से नवाजा, उसमें बिहार के मुंगेर जिले की 43 वर्षीय वीणा देवी भी शामिल हैं। वीणा देवी नक्सल प्रभावित बेलहर प्रखंड क्षेत्र में परंपरागत कृषि के साथ-साथ मशरूम की व्यवसायिक खेती में भी हाथ आजमा रही हैं।
पिछले पांच सालों में उनके अथक प्रयास से कई गावों में मशरूम की खेती शुरू हो गई है। इसकी वजह से मशरूम की खेती और मार्केटिंग से किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार हो रहा है।
वीणा देवी को मशरूम महिला भी कहा जाता है। मशरूम की खेती के साथ-साथ वीणा देवी कई सालों से किसानों को ऑर्गेनिक फार्मिग, कम्पोस्ट प्रोडक्शन और ऑर्गेनिक इंसेक्टिसाइड को तैयार करने का गुर भी सिखा रही हैं। वीणा देवी के हौसलों की बदौलत आज ग्रामीण महिलाओं में दुग्ध और बकरी पालन के प्रति खास रुझान देखा जा रहा है।
वीणा देवी ने अपने अथक प्रयास से मुगेर के पांच ब्लॉक के 105 गांवों में मशरूम खेती की अलख जगा दी है, जिसकी वजह से 1500 परिवारों के जीवन-यापन में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। इसके अलावा वीणा देवी डिजिटल प्रशिक्षण के काम में भी लगी हुई हैं। इन्हीं की बदौलत इस क्षेत्र की 700 महिलाओं ने मोबाइल इस्तेमाल करने का तरीका सीखा।