विजय गोयल का दावा, गठबंधन कर चुनाव लड़ रहीं आप और कांग्रेस

विजय गोयल का दावा, गठबंधन कर चुनाव लड़ रहीं आप और कांग्रेस

IANS News
Update: 2020-01-11 16:30 GMT
विजय गोयल का दावा, गठबंधन कर चुनाव लड़ रहीं आप और कांग्रेस
हाईलाइट
  • विजय गोयल का दावा
  • गठबंधन कर चुनाव लड़ रहीं आप और कांग्रेस

नई दिल्ली, 11 जनवरी (आईएएनएस)। भाजपा के राज्यसभा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने दावा किया है कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस अंदरखाने गठबंधन कर चुनाव लड़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दलों के बीच भ्रष्टाचार को लेकर सांठगांठ है।

विजय गोयल ने यहां प्रदेश भाजपा कार्यालय में शनिवार को आईएएनएस से कहा, जो आम आदमी पार्टी कांग्रेस के भ्रष्टाचार के ऊपर शासन में आई थी, वह उसके 15 साल के शासनकाल पर चुप्पी साधकर बैठ गई। वहीं कांग्रेस, आम आदमी पार्टी के पांच साल के भ्रष्टाचार पर खामोश है। दोनों दलों के बीच तू मेरा भ्रष्टाचार माफ कर मैं तेरा माफ करूंगा और हिंसा को लेकर सांठगांठ चल रही है। आप और कांग्रेस के अंदरखाने गठबंधन चल रहा है।

सांसद ने कहा, कांग्रेस के आसिफ खान और आम आदमी पार्टी के अमानतुल्लाह खान एक साथ जहां ओखला में, तो वहीं सीलमपुर में मतीन अहमद और इनके हाजी साहब दंगे भड़काते हैं। जेएनयू, सीएए, एनपीआर, एनआरसी हर मुद्दे पर आप और कांग्रेस साथ खड़े हैं।

विजय गोयल ने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर दोनों दलों में गठबंधन नहीं है तो फिर क्या आम आदमी पार्टी 1984 के दंगों के ऊपर कांग्रेस से माफी मांगने के लिए कहेगी? क्या कांग्रेस कन्हैया कुमार को प्रॉसीक्यूट करने के लिए उन पर (आप) दबाव डालेगी?

पूर्व केंद्रीय मंत्री गोयल ने दावा किया कि भाजपा लोकसभा चुनाव का प्रदर्शन विधानसभा में दोहराते हुए जीत हासिल करेगी। विधानसभा चुनाव का पैटर्न अलग होने के सवाल पर उन्होंने कहा, वोटर तो दोनों चुनावों का एक ही है न, लोकसभा चुनाव के समय भी तो केजरीवाल बिजली, पानी फ्री देने की बात कर रहे थे। भाजपा विधानसभा चुनाव भी लोकसभा की तरह जीतेगी। जनता जानती है कि आम आदमी पार्टी सिर्फ दो महीने काम करने वाली सरकार है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में आई तो कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के भ्रष्टाचार की जांच कराएगी। केंद्र में भाजपा का शासन आने के बाद से कांग्रेस के बड़े-बड़े नेता जेल में जा रहे हैं।

Tags:    

Similar News