शिमला ग्रामीण सीट से चुनाव लड़ेंगे वीरभद्र के बेटे विक्रमादित्य

शिमला ग्रामीण सीट से चुनाव लड़ेंगे वीरभद्र के बेटे विक्रमादित्य

Bhaskar Hindi
Update: 2017-10-22 16:42 GMT
शिमला ग्रामीण सीट से चुनाव लड़ेंगे वीरभद्र के बेटे विक्रमादित्य

डिजिटल डेस्क, शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में सीएम वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह शिमला ग्रामीण सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में अपना भाग्य आजमाएंगे। विक्रमादित्य इस समय राज्य युवा कांग्रेस के अध्यक्ष हैं। भाजपा ने इस सीट पर प्रमोद शर्मा को उतारा है, जो कभी वीरभद्र सिंह के बेहद करीबी हुआ करते थे। शिमला ग्रामीण सीट पर सीएम वीरभद्र सिंह ने पिछला चुनाव लड़ा था। छह बार से राज्य के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने पिछले विधानसभा चुनाव में इस सीट पर रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज की थी। यह सीट बेटे को देने के बाद वीरभद्र सिंह सोनल जिले की अर्की विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ेंगे। इस सीट पर भाजपा ने रतन सिंह पाल को उतारा है। पिछले विधानसभा चुनाव में इस सीट पर भाजपा के गोविंद राम चुनाव जीते थे। भाजपा ने इस बार इस सीट पर उन्हें टिकट नहीं दिया। 

पहले भी सीट बदलते रहे हैं वीरभद्र 
वीरभद्र सिंह ने चुनाव पूर्व घोषणा की थी कि इस बार वह उस सीट से चुनाव लड़ेंगे जहां से कांग्रेस हारती रही है। यह पहला मौका नहीं है, जब वीरभद्र ने अपनी सीट बदली हो। उन्होंने सन 1983 और सन 1985 में जुब्बल और कोटखाई से चुनाव लड़ा था। इसके बाद सन 1990, सन 1993, सन 1998 और सन 2007 में उन्होंने रोहड़ू से चुनाव लड़ा था। इस सीट को अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किये जाने के बाद सन 2012 में उन्होंने शिमला (ग्रामीण) विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। 

सात सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान
कांग्रेस ने विक्रमादित्य के अलावा सात अन्य सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है। कांग्रेस ने एक सीट पर अपना उम्मीदवार बदला है। मंडी विधानसभा से चंपा ठाकुर का नाम पार्टी ने ऐलान किया है। अनी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस ने पहले बंशीलाल को टिकट दिया था। नई सूची के मुताबिक पारस राम को इस सीट से मैदान में उतारने की घोषणा की गई है। यह सीट अनुसूचित जाति के उम्मीदवार के लिए सुरक्षित है। कांग्रेस ने शाहपुर से केवल सिंह पठानिया, पालमपुर से आशीष बुटैल, मनाली से हरि चंद शर्मा, कुल्लू से सुंदर सिंह ठाकुर, कुठैलहड़ से विवेक शर्मा, नालागढ़ से लखविंद्र राणा और ठियोग से दीपक राठौड़ को चुनाव मैदान में उतारने की घोषणा की है। कांग्रेस ने अपने 59 उम्मीदवारों की सूची पहले ही जारी कर दी थी। 

नौ नवंबर को राज्य में होना है मतदान 
हिमाचल प्रदेश में 9 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव के लिए नामांकन भरने की तारीख 16 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक है। सोमवार को नामांकन करने की अंतिम तिथि है। नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 26 अक्टूबर है। वोटों की गिनती 18 दिसंबर को होगी। हिमाचल प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल सात जनवरी 2018 को समाप्त हो रहा है। हिमाचल प्रदेश की 68 सदस्यीय विधानसभा के लिए सन 2012 में हुए चुनाव में 73.92 प्रतिशत मतदान हुआ था। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के 36, बीजेपी के 26 सदस्य और छह निर्दलीय निर्वाचित हुए थे। सन 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में राज्य की सभी चार सीटें 53.85 प्रतिशत वोट प्रतिशत के साथ भाजपा के खाते में गई थीं। जबकि, कांग्रेस को 41.07 प्रतिशत वोट मिले थे।

Similar News