वीके सिंह ने उठाए HAL पर सवाल, बोले- विमान के हिस्से गिर जाते हैं, क्या यह क्षमता है?

वीके सिंह ने उठाए HAL पर सवाल, बोले- विमान के हिस्से गिर जाते हैं, क्या यह क्षमता है?

Bhaskar Hindi
Update: 2019-02-14 13:11 GMT
वीके सिंह ने उठाए HAL पर सवाल, बोले- विमान के हिस्से गिर जाते हैं, क्या यह क्षमता है?
हाईलाइट
  • उन्होंने एचएएल को समय पर अपने ऑपरेशन पूरे न करने को लेकर भी घेरा।
  • एचएएल की गुणवत्ता पर केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह ने सवाल खड़े किए हैं।
  • वीके सिंह ने दावा किया कि कुछ कार्यक्रम तीन साल से ज्यादा समय की देरी से चल रहे हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) की गुणवत्ता पर केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह ने सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने एचएएल को समय पर अपने ऑपरेशन पूरे न करने को लेकर भी घेरा। वीके सिंह ने दावा किया कि कुछ कार्यक्रम तीन साल से ज्यादा समय की देरी से चल रहे हैं।

वीके सिंह का ये बयान उनके उस बयान के एक दिन बाद आया है जिसमें उन्होंने राहुल गांधी को NDA के कार्यकाल में की गई राफेल डील पर लगातार हमला बोलने को लेकर घेरा था। बता दें की राहुल गांधी लगातार ये कहते रहे हैं कि NDA के कार्यकाल में की गई राफेल जेट डील उस डील से काफी महंगी है जिसे  UPA ने फाइनल किया था।

वीके सिंह ने कहा कि "एचएएल की हालत तो देखिए। हमारे दो पायलटों की जान चली गई। माफी चाहूंगा, लेकिन एचएएल का कार्यक्रम साढ़े तीन साल देरी से चल रहा है...केवल 8 वें विमान को नवीनीकृत किया गया है। विमान के सभी हिस्से रनवे पर गिर जाते हैं। क्या यह क्षमता है? वहीं दूसरी तरफ, हम कहते हैं कि एचएएल को काम (राफेल का) नहीं मिल रहा।"

राहुल गांधी और मुख्य विपक्षी दल के मंत्रियों का एक समूह यह सवाल उठा रहा है कि अनिल अंबानी की रिलायंस डिफेंस को ठेका क्यों दिया गया। इन आरोपों पर वीके सिंह ने कहा, "राफेल मामले में फ्रांस ने ऑफसेट अनुबंध के लिए कंपनी चुनने का निर्णय लिया था। ऑफसेट का लक्ष्य उद्योग को बढ़ावा देना था। अगर उनकी कंपनी HAL से संतुष्ट नहीं थी, तो यह उनका निर्णय था। भारत सरकार का इससे कोई लेना-देना नहीं था।"

बता दें कि शुक्रवार को भारतीय सेना का ट्रेनी लड़ाकू विमान मिराज-2000 दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, इसमें 2 पायलटों की मौत हो गई थी। हादसा बेंगलुरु के हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) एयरपोर्ट पर हुआ था। प्लेन में दो ही पायलट सवार थे। हादसे के वक्त दोनों प्लेन से पैराशूट के साथ कूद गए थे। एक पायलट की मौत प्लेन के मलबे पर गिरने से हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था।

 

Similar News