Weather: यूपी-बिहार में बिजली गिरने से 107 लोगों की मौत, अगले 72 घंटों के लिए बारिश का अलर्ट

Weather: यूपी-बिहार में बिजली गिरने से 107 लोगों की मौत, अगले 72 घंटों के लिए बारिश का अलर्ट

Bhaskar Hindi
Update: 2020-06-26 09:24 GMT
Weather: यूपी-बिहार में बिजली गिरने से 107 लोगों की मौत, अगले 72 घंटों के लिए बारिश का अलर्ट

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश में कोरोना संकट के दौरान कुदरत का कहर भी जारी है। मानसून के शुरू होते ही लोगों को आसमानी आफत का सामना करना पड़ रहा है। भारी बारिश के कारण उत्तर प्रदेश, बिहार और असम राज्य सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। बीते दो दिनों में यूपी और बिहार में बारिश के साथ बिजली गिरने से 107 लोगों की मौत हो गई, कई लोग घायल भी हुए हैं। इन राज्यों के सैकड़ों गांवों में बाढ़ जैसे हालात हैं। कई नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर तक गया है।

पूरे देश में पहुंचा मानसून- मौसम विभाग
मौसम विभाग ने शुक्रवार को बिहार के 38 जिलों में अगले 72 घंटों तक के लिए गरज के साथ भारी से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसका ज्यादा प्रभाव उत्तर एवं मध्य बिहार के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, शिवहर, सीतामढी, दरभंगा, सारण, मधुबनी, सुपौल, मधेपुरा, पूर्णिया, अररिया, सहरसा, किशनगंज और कटिहार में पड़ने की संभावना है। लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वहीं मौसम विभाग ने भी बताया है कि, इस साल सामान्य से 12 दिन पहले ही मानसून पूरे देश में पहुंच गया है। 

बिजली गिरने से 83 लोगों की जान गई
आकाशीय बिजली और बारिश का सबसे ज्यादा प्रकोप बिहार में देखने को मिला। यहां के भागलपुर, समस्तीपुर, मधुबनी, गोपालगंज, दरभंगा, अररिया और अन्य जिलों में तेज बारिश और बिजली गिरने की वजह से 83 लोगों की मौत हो गई। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतकों के परिजनों के लिए चार-चार लाख रुपए की सहायता देने का ऐलान किया है।

उप्र में 24 की मौत
उत्तर प्रदेश में भी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 24 लोगों की मौत हुई है। प्रदेश की योगी सरकार ने मृतकों के परिजनों के लिए 4-4 लाख की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

अयोध्या: भारी बारिश के कारण सरयू नदी का जल स्तर बढ़ रहा है।

कर्नाटक: बेंगलुरु में भारी वर्षा के बाद वृषभावती नदी का जल स्तर बढ़ता जा रहा है।

असम में भारी बारिश के कारण तिनसुकिया के बागजान में एक पुल क्षतिग्रस्त हो गया। ब्रह्मपुत्र नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। यहां 100 से ज्यादा गांवों के करीब 40 हजार लोग बाढ़ की मार झेल रहे हैं।

असम: डिब्रूगढ़ के कुछ हिस्सों में जलभराव।

 

Tags:    

Similar News