Weather Update: केरल में मॉनसून ने दी दस्तक, 9 जिलों में येलो अलर्ट, कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना

Weather Update: केरल में मॉनसून ने दी दस्तक, 9 जिलों में येलो अलर्ट, कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना

Bhaskar Hindi
Update: 2020-06-01 07:40 GMT
Weather Update: केरल में मॉनसून ने दी दस्तक, 9 जिलों में येलो अलर्ट, कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आज (1 जून) केरल में दस्तक दे दी है। जिसके बाद राज्य के 9 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पठानमथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, एर्नाकुलम, इडुक्की, मलप्पुरम और कन्नूर है। इन जिलों में दिन के तापमान में गिरावट के साथ बारिश हो सकती है।बता दें कि मौसम विभाग ने पहले ही कहा था कि मानसून 1 जून को केरल पहुंच सकता है। 2019 में मानसून ने 8 जून को केरल में दस्तक दी थी। 

मौसम विभाग ने कहा, अरब सागर के ऊपर चक्रवात निसर्ग के बनने से केरल में मानसून की शुरुआत के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव माधवन राजीवन ने 15 अप्रैल को अपने पूर्वानुमान में कहा था कि इस वर्ष मानसून की बारिश सामान्य रूप से लंबी अवधि के औसत के 100 प्रतिशत सामान्य होने की संभावना है।

11 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
वहीं देश के करीब 11 राज्यों में अगले 24 घंटे में भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है। जिसके चलते अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान मध्‍य प्रदेश, बिहार, झारखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की व कुछ हिस्सों में मध्यम बारिश की संभावना है।

ओडिशा और महाराष्ट्र में हो सकती है भारी बारिश
केरल, लक्षद्वीप, तटीय कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, छत्‍तीसगढ़, ओडिशा और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक कर्नाटक, महाराष्ट्र, और गुजरात के तटों पर गरज के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है। अलर्ट के साथ लोगों को तटों पर न जाने की सलाह दी गई है। 

महाराष्ट्र और गुजरात में चक्रवाती तूफान का खतरा
वहीं अम्फान के बाद अब महाराष्ट्र और गुजरात में चक्रवाती तूफान का खतरा मंडरा रहा है। इसको लेकर भी मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा है कि, अरब सागर और लक्षद्वीप पर कम दबाव का क्षेत्र बना है। यह आगे बढ़ते हुए चक्रवाती तूफान में बदल रहा है। जोकि अगले हफ्ते महाराष्ट्र और गुजरात के तटीय इलाकों तक पहुंच सकता है। इसे देखते हुए 4 जून को महाराष्ट्र और गुजरात के तटवर्ती इलकाों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।

 

 

 

 

Tags:    

Similar News