ओलंपिक चैंपियन बोले- AMU से मुस्लिम शब्द हटाते ही खत्म हो जाएगा सारा विवाद

ओलंपिक चैंपियन बोले- AMU से मुस्लिम शब्द हटाते ही खत्म हो जाएगा सारा विवाद

Bhaskar Hindi
Update: 2018-11-23 13:51 GMT
ओलंपिक चैंपियन बोले- AMU से मुस्लिम शब्द हटाते ही खत्म हो जाएगा सारा विवाद
हाईलाइट
  • जफर ने कहा कि AMU से मुस्लिम शब्द हटा लिया जाए तो सारा विवाद खत्म हो जाएगा।
  • जफर ने कहा कि दिक्कत बस इतना है कि AMU एक मुस्लिम यूनिवर्सिटी है।
  • भारतीय हॉकी के पूर्व कप्तान जफर इकबाल ने AMU को लेकर दुख जताया है।

डिजिटल डेस्क, अलीगढ़। आए दिन गलत कारणों से सुर्खियों में रहने वाली अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी को लेकर भारतीय हॉकी के पूर्व कप्तान जफर इकबाल ने दुख जताया है। जफर ने बीजेपी सरकार पर चुटकी लेते हुए कहा कि अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में दिक्कत बस इतनी है कि वह एक मुस्लिम यूनिवर्सिटी है। उन्होंने कहा कि अगर इस यूनिवर्सिटी से मुस्लिम शब्द हटा लिया जाए तो सारा विवाद खत्म हो जाएगा।  

नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी हॉकी टू्र्नामेंट के समापन समारोह में अलीगढ़ पहुंचे जफर ने बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "बीजेपी नेताओं ने इस यूनिवर्सिटी को आतंकियों का पाठशाला बताया। नेताओं द्वारा यूनिवर्सिटी को लेकर इस तरह के बयान दिल दुखाने वाले हैं। शायद उन्हें पता नहीं पर इस यूनिवर्सिटी ने देश को बहुत से कामयाब लोग दिए हैं। हॉकी में भी कई ओलंपियन इसी यूनिवर्सिटी से आए हैं।"

जफर ने टिप्पणी करते हुए कहा कि अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में सिर्फ मुस्लिम शब्द सभी विवादों की जड़ है और इसे हटाते ही सब ठीक हो जाएगा। जफर ने कहा, "अभी के समय में हर फील्ड में राजनीति इंटर कर रही है। खेल ही बस एक ऐसी फील्ड है, जिसमें यह अभी तक अपनी पैठ नहीं बनाई है। यह सोचने वाली बात है कि हमारे देश के खिलाड़ी ऐसी किसी भी भावना से नहीं खेलते हैं। उनके दिल में बस देश के लिए खेलने की भावना होती है। अगर देश और टीम के लिए एकता नहीं होगी तो टीम कभी जीत नहीं सकती।"

1980 के ओलंपिक चैंपियन ने कहा, "मैं 1970 में इस यूनिवर्सिटी से सिविल इंजीनियरिंग कर रहा था। उस वक्त हमारी सोच बिलकुल अलग थी। मेरे ज्यादातर दोस्त ब्राह्मण थे और हम दोस्ती के अलावा कुछ नहीं सोचते थे। उस वक्त यहां पर एक रियाज मियां हुआ करते थे। वह बेहतरीन खाना बनाते थे और हम सभी दोस्त हॉकी प्रैक्टिस के बाद बिना उनका धर्म और जाति जाने उनके हाथ का बना खाना खाते थे।" जफर ने कहा कि आज लोग यह गाना भूल गए हैं, "न हिंदू बनेगा न मुसलमान बनेगा..इंसान की औलाद है इंसान बनेगा।"

बता दें कि जफर इकबाल AMU के पूर्व छात्र रहे हैं। जफर मास्को में खेले गए ओलंपिक (1980) में गोल्ड मेडलिस्ट भारतीय हॉकी टीम का हिस्सा थे। AMU पिछले कुछ महीनों से काफी सुर्खियों में रहा है। पिछले महीने कुछ छात्रों पर देशद्रोह का आरोप लगा था। आए दिन वहां पाकिस्तानी झंडा दिखाने का आरोप भी छात्रों पर लगता रहा है। बीजेपी के वरिष्ठ नेता और सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने कुछ महीनों पहले कहा था कि AMU आतंकवादियों का हब है। वहीं अलीगढ़ के सांसद सतीश गौतम ने AMU को तालिबानी मानसिकता और आतंकियों का पाठशाला बताया था।


 

Similar News