Covid-19: भाजपा भी साप्ताहिक और रोजाना डिजिटल बुलेटिन प्रकाशित करेगी

Covid-19: भाजपा भी साप्ताहिक और रोजाना डिजिटल बुलेटिन प्रकाशित करेगी

IANS News
Update: 2020-04-21 18:00 GMT
Covid-19: भाजपा भी साप्ताहिक और रोजाना डिजिटल बुलेटिन प्रकाशित करेगी

नई दिल्ली, 21 अप्रैल (आइएएनएस)। कोविड-19 महामारी को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने भी अब साप्ताहिक और प्रतिदिन डिजिटल बुलेटिन प्रकाशित करने की योजना बनाई है। भाजपा के पाक्षिक और मासिक पत्रिका के संपादक मंडल के साथ चर्चा में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने मंगलवार को यह बात कही।

उन्होंने कहा, कोविड-19 से उत्पन्न हो रही परिस्थितियों को देखते हुए प्रकाशन के आयाम भी बदल रहे हैं। अभी हम पाक्षिक और मासिक पत्रिका प्रकाशित करते हैं। अब हमें साप्ताहिक और प्रतिदिन डिजिटल बुलेटिन प्रकाशित करने की योजना बनानी चाहिए।

संपादकों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए चर्चा करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा, पत्रिका के संपादक शब्दों के धनी होते हैं, इसलिए आप अपने कलम के माध्यम से कोविड-19 से उत्पन्न हो रही चुनौतियों और इनके समाधान के लिए किए जा रहे प्रयासों को पत्रिका में प्रकाशित कर प्रत्येक कार्यकर्ता को इससे अवगत कराएं।

नड्डा ने यह भी कहा कि पार्टी की पत्रिका में लोगों के सुरक्षित रहने के लिए आयुष मंत्रालय द्वारा जारी निर्देशों और आयुर्वेद, होम्योपैथी एवं मनोवैज्ञानिक दृष्टि से जानकारी भी प्रस्तुत करें। साथ ही, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा लिखे गए आलेखों को भी प्रकाशित करें।

भाजपा अध्यक्ष ने इसके अलावा मंगलवार को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, काशी, पश्चिम और ब्रज क्षेत्रों के पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं, राष्ट्रीय पदाधिकारियों और पार्टी प्रवक्ताओं के साथ भी बात की।

वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए हुई इस बैठक में नड्डा ने विभिन्न विषयों पर अलग-अलग बैठकें कीं और पार्टी के राहत कार्यो की समीक्षा की। इन सभी बैठकों में पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष भी उपस्थित थे।

पार्टी कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक में नड्डा ने कहा, त्रासदी की इस घड़ी में हमें हर कार्यकर्ता से संपर्क स्थापित कर लोगों की समस्याओं को दूर करना है। लोगों को आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड करने को प्रेरित करना है तथा हर जरूरतमंद तक भोजन व फेसकवर पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने अब तक पांच करोड़ से अधिक भोजन पैकेट और एक करोड़ से अधिक राशन किट का वितरण किया है।

नड्डा ने कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करने और सेवा कार्यो की मॉनिटरिंग के लिए अब तक 60 से अधिक वीडियो कांफ्रेंस की है। इसके अलावा उन्होंने 20 से अधिक ऑडियो-ब्रिज कार्यक्रम में भी शिरकत की है। इस तरह नड्डा साढ़े तीन लाख से अधिक कार्यकर्ताओं तक पहुंच चुके हैं।

 

Tags:    

Similar News