झाबुआ उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार को निर्णायक बढ़त

झाबुआ उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार को निर्णायक बढ़त

IANS News
Update: 2019-10-24 10:00 GMT
झाबुआ उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार को निर्णायक बढ़त

झाबुआ, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के झाबुआ विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार कांतिलाल भूरिया ने भाजपा उम्मीदवार भानु भूरिया पर निर्णायक बढ़त हासिल कर ली है। 20वें चक्र की गिनती पूरी होने पर कांग्रेस उम्मीदवार 20240 वोटों की बढ़त पा चुके थे। कांग्रेस में जश्न मनाया जाने लगा है।

निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, मतगणना की शुरुआत से ही कांग्रेस उम्मीदवार कांतिलाल भूरिया बढ़त बनाए हुए हैं। 20वें चक्र की मतगणना पूरी होने पर कांग्रेस उम्मीदवार कांतिलाल भूरिया को 75482 और भाजपा उम्मीदवार भानु भूरिया को 55242 वोट मिल चुके थे। इस तरह दोनों के बीच 20242 वोटों का फासला हो गया है।

मतगणना की शुरुआत से ही कांग्रेस आगे रही और 10 चक्रों की गिनती पूरी होने पर कांग्रेस उम्मीदवार कांतिलाल भूरिया को 40084 और भाजपा उम्मीदवार भानु भूरिया को 31135 वोट हासिल हुए। इस तरह 8949 वोट के अंतर से कांग्रेस उम्मीदवार आगे रहे।

ज्ञात हो कि झाबुआ विधानसभा में उपचुनाव जी. एस. डामोर के सांसद चुने जाने के कारण हो रहा है। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के जी. एस. डामोर ने कांतिलाल भूरिया के बेटे विक्रांत भूरिया को शिकस्त दी थी। वहीं लोकसभा चुनाव में डामोर ने कांतिलाल को हराया था।

विधानसभा क्षेत्र झाबुआ के लिए मतगणना 14 टेबल पर हो रही है। मतगणना में हर राउण्ड के बाद टेबुलेशन सीट तैयार हो रही है, जो उम्मीदवार को दी जा रही है। मतगणना कार्य 26 राउंड में पूरा होगा।

मतगणना में कांग्रेस को मिल रही बढ़त से कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह है। झाबुआ से लेकर पार्टी के प्रदेश कार्यालय तक जश्न मनाया जा रहा है। मिठाइयां बांटी जा रही हैं।

कांतिलाल भूरिया ने इस बढ़त को राज्य के मुख्यमंत्री कमलनाथ और उनकी सरकार के कामकाज और बीते 40 सालों में उनके द्वारा जनता के हित में किए गए विकास कार्यो का नतीजा बताया है।

 

Tags:    

Similar News