इंडिया गठबंधन की रैली केंद्र सरकार पर बरसीं महबूबा मुफ्ती, बोलीं - 'इनकी लापरवाहियों की वजह से जवानों को शहीद होना पड़ा'

  • इंडिया गठबंधन की रैली में महबूबा मुफ्ती का संबोधन
  • मोदी सरकार पर साधा निशाना
  • पूर्व पीएम इंदिरा गांधी की तारीफ की

Anchal Shridhar
Update: 2024-03-17 20:05 GMT

डिजिटल डेस्क, मुंबई। लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। 19 अप्रैल से शुरू हो रहे इस महामुकाबले के लिए सभी दलों ने अपनी कमर कस ली है। इस बीच रविवार को देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के समापन के बाद इंडिया गठबंधन की रैली का आयोजन हुआ। इस दौरान गठबंधन में शामिल सभी दलों के नेता एकजुट हुए और मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। पीडीपी चीफ महबूबा मुफ्ती ने भी रैली में केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने महंगाई, भ्रष्टाचार, किसानों और बेरोजगारी के मुद्दे से लेकर बीजेपी के चुनावी नारे अबकी बार 400 पार पर भी सवाल उठाए।

जम्मू कश्मीर की पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती ने रैली में आए लोगों से कहा कि यहां अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराओं और विचारों के लोग एकत्रित हुए हैं। यही सही भारत है। हमारा संविधान भी हमें यही सिखाता है। एक साथ और एकजुट रहना। उन्होंने आगे कहा कि चुनाव नजदीक आ रहे हैं। संविधान का सबसे शक्तिशाली आपका वोट आपके हाथ में है। इसका इस्तेमाल सोच-समझकर करें।

उन्होंने देश की पूर्व पीएम इंदिरा गांधी की तारीफ करते हुए कहा, ''मेरी नजर सबसे प्रिय प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी जी थीं। इंदिरा गांधी ने महज 10 साल की उम्र में आजादी की लड़ाई लड़ी, बांग्लादेश को आजाद किया। जिसने अपने खून का आखिरी कतरा भी इस देश के लिए दे दिया, उसे भी आपने अपने वोट के जरिए बाहर कर दिया था।''

पीडीपी चीफ ने कहा, आप लोगों ने 2014 चुनाव में मोदी जी को चुना। जिन्होंने कहा- सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास। जिन्होंने कहा कि 15 हजार आपके खाते में जमा करुंगा। हर साल 2 करोड़ नौकरियां दूंगा। औरतों के साथ ज्यादती हो रही है और मैं उनकी की रक्षा करुंगा और आपने वोट दे दिया। पर 2019 में उन्होंने ऐसा कुछ भी काम नहीं किया। पुलवामा के शहीदों के नाम वोट मांगे। सतपाल मलिक ने भी सवाल उठाते हुए कहा था कि इनकी लापरवाहियों की वजह से जवानों को शहीद होना पड़ा। फिर भी आपने अपना वोट इन्हें दिया।

इससे पहले राहुल गांधी ने रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा, "हिंदू धर्म में एक शब्द होता है 'शक्ति'। हम एक शक्ति से लड़ रहे हैं। प्रश्न यह है कि वह शक्ति क्या है? राजा की आत्मा EVM में है, यह सच है। राजा की आत्मा EVM और देश की हर संस्था, ईडी, सीबीआई में है। महाराष्ट्र के एक वरिष्ठ नेता कांग्रेस पार्टी को छोड़ते हैं और मेरी मां से रोते हुए कहते हैं कि 'सोनिया जी, मुझे शर्म आ रही है कि मेरे पास इस शक्ति से लड़ने की हिम्मत नहीं है। मैं जेल नहीं जाना चाहता। इस तरह के हजारों लोगों को डराया गया है।"

Tags:    

Similar News