एमएस धोनी 200 वनडे में कप्तानी करने वाले पहले भारतीय कप्तान बने

एमएस धोनी 200 वनडे में कप्तानी करने वाले पहले भारतीय कप्तान बने

Bhaskar Hindi
Update: 2018-09-26 06:02 GMT
एमएस धोनी 200 वनडे में कप्तानी करने वाले पहले भारतीय कप्तान बने
हाईलाइट
  • एशिया कप में अफगानिस्तान के खिलाफ सुपर-4 मैच में धोनी ने की कप्तानी
  • मैच जीताने में सफल नहीं हो पाए धोनी
  • आखिरी ओवर में हुआ टाई
  • रोहित शर्मा को आराम देकर धोनी को बनाया था कप्तान

डिजिटल डेस्क, दुबई। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने मंगलवार को मैदान पर उतरते ही एक ओर रिकॉर्ड अपने नाम कर इतिहास रच दिया। धोनी अब 200 मैचों में कप्तानी करने वाले पहले भातीय कप्तान बन गए हैं। धोनी ने यह रिकॉर्ड एशिया कप में अफगानिस्तान के खिलाफ सुपर-4 मैच में कप्तानी कर हासिल किया। हालांकि मैच आखिरी ओवर में टाई हो गया।  

दरअसल, इस टूर्नामेंट में भारत की कप्तानी कर रहे रोहित शर्मा और उप-कप्तान शिखर धवन दोनों को ही इस मैच में टीम मैनेजमेंट ने आराम देने के फैसला किया। ऐसे में कप्तानी की जिम्मेदारी 696 दिनों बाद एक बार फिर धोनी के कंधों पर आ गई और धोनी के नाम जो रिकॉर्ड आने से रह गया था, वो आखिरकार उनकी रिकॉर्ड बुक में जुड़ ही गया।

अब धोनी वनडे फॉर्मेट में यह रिकॉर्ड बनाने वाले भारत के पहले और विश्व के तीसरे कप्तान बन गए हैं। धोनी से पहले इस सूची में ऑस्ट्रेलिया के रिकी पॉन्टिंग और न्यूजीलैंड के स्टीफन फ्लेमिंग के नाम आते हैं। रिकी पॉन्टिंग ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 230 वन-डे मैचों में और स्टीफन फ्लेमिंग ने न्यूजीलैंड के लिए 218 मैचों में कप्तानी की है। 

अपनी कप्तानी में भारत को 2007 में टी-20 विश्व कप, 2011 में विश्वकप और 2013 में चैम्पियंस ट्राफी खिताब दिला चुके धोनी ने अक्टूबर 2016 में टी-20 और वनडे से कप्तानी छोड़ दी थी। इसके बाद से विराट कोहली तीनों प्रारूपों में भारतीय टीम की कप्तानी कर रहे हैं।

विराट को हालांकि इस टूर्नामेंट में आराम दिया गया और इसी कारण से रोहित को कप्तानी का जिम्मा सौंपा गया, जो इस मैच में बेंच पर बैठे। धोनी ने बतौर कप्तान अभी तक 199 वनडे मैचों में 110 मैच जीते हैं और 74 मैच हारे हैं। वहीं चार मैच टाई रहे जबकि 11 मैचों का कोई परिणाम नहीं निकला। धोनी के बाद मोहम्मद अजहरुद्दीन ने 174 मैचों में और सौरव गांगुली ने 147 मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी की है। 

Similar News