कश्मीर पहुंचे महेंद्र सिंह धोनी, भीड़ में लगे 'बूम-बूम अफरीदी' के नारे

कश्मीर पहुंचे महेंद्र सिंह धोनी, भीड़ में लगे 'बूम-बूम अफरीदी' के नारे

Bhaskar Hindi
Update: 2017-11-27 17:58 GMT
कश्मीर पहुंचे महेंद्र सिंह धोनी, भीड़ में लगे 'बूम-बूम अफरीदी' के नारे

डिजिटल डेस्क, श्रीनगर। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और वर्तमान विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी इन दिनों कश्मीर की वादियों में छुट्टियां मना रहे हैं। इस दौरान रविवार को धोनी जम्मू-कश्मीर के बारामूला स्थित कुंजर में चिनार क्रिकेट प्रीमियर लीग के चीफ गेस्ट बनकर पहुंचे। भारतीय सेना द्वारा आयोजित कराए गए इस कार्यक्रम में एमएस धोनी को देखकर भीड़ में मौजूद लोगों ने "बूम-बूम अफरीदी" के नारे लगाना शुरू कर दिया।

एमएस धोनी को देखकर "बूम-बूम अफरीदी" के नारे लगाने वाला वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। यह वीडियो सबसे पहले स्थानीय मीडिया में आया था। शाहिद अफरीदी पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर और कप्तान हैं और वह भारत में भी काफी लोकप्रिय हैं। कश्मीर के स्थानीय मीडिया में इस खबर को जोर-शोर से उठाया गया और घटना का वीडियो वायरल हो गया है। खबर है कि पाकिस्तानी मीडिया में भी यह वीडियो दिखाया गया है।

जानकारी के अनुसार एमएस धोनी भारतीय थल सेना में आनरेरी लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर हैं। इसी कार्यक्रम में धोनी ने भारत-पाकिस्तान क्रिकेट पर अपनी राय रखी थी। भारत-पाक सीरीज पर धोनी ने कहा, "भारत-पाकिस्तान सीरीज महज खेल नहीं है। यह इससे कहीं अधिक है। भारत सरकार को फैसला करना चाहिए कि दोनों देशों के बीच क्रिकेट खेला जाए या नहीं क्योंकि इस मुद्दे पर भारत सरकार सही निर्णय करेगी।"

गौरतलब है कि भारतीय टीम फिलहाल श्रीलंका के साथ टेस्ट सीरीज खेल रही है। धोनी पहले ही टेस्ट से संन्यास ले चुके हैं। यही कारण है कि धोनी अभी अपनी छुट्टियां एंजाय कर रहे हैं। वे एक हफ्ते से कश्मीर में हैं। इस दौरान 22 नवंबर को वह श्रीनगर के एक स्कूल पहुंचे और बच्चों के साथ वक्त बिताया था। इसके बाद उन्होंने उत्तर कश्मीर के बारामूला जिले के उभरते क्रिकेटरों से मुलाकात कर उन्हें फिटनेस पर ध्यान देने की सलाह दी थी।

Similar News