विराट से शादी की 'अफवाह' पर अनुष्का को आना पड़ा सामने 

विराट से शादी की 'अफवाह' पर अनुष्का को आना पड़ा सामने 

Bhaskar Hindi
Update: 2017-12-07 04:43 GMT
विराट से शादी की 'अफवाह' पर अनुष्का को आना पड़ा सामने 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। इंडियन क्रिकेट टीम के कैप्टन विराट कोहली और बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा इस वक्त मोस्ट पॉपुलर सेलिब्रेटी कपल हैं। बुधवार शाम को दोनों की शादी खबर फैली और सोशल मीडिया पर तो ये टॉपिक ट्रेंड भी करने लगा। इन दोनों की शादी की खबर बुधवार को इतनी फैली, कि बाद में खुद अनुष्का शर्मा को सामने आकर इसकी सच्चाई बतानी पड़ी। शादी की इन अफवाहों पर अनुष्का शर्मा के स्पोकपर्सन ने इसे "झूठी" खबर बताया है।

फर्जी है ये खबर

दरअसल, बुधवार को कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में विराट और अनुष्का की शादी की खबर फैली। मीडिया में खबरें आई कि विराट और अनुष्का अगले हफ्ते शादी करने वाले हैं। इतना ही नहीं मीडिया में दोनों की शादी का वेन्यू तक बता दिया गया। मीडिया में आया कि दोनों अगले हफ्ते इटली के मिलान शहर में शादी करने वाले हैं। इसके बाद से ये दोनों की शादी एक "हॉट टॉपिक" बन गई। सोशल मीडिया पर अफवाह के फैलने के बाद अनुष्का शर्मा के स्पोकपर्सन सामने आए और उन्होंने बताया कि ये खबर पूरी तरह से "झूठी" है और इसमें बिल्कुल भी सच्चाई नहीं है। हालांकि, इस मामले में विराट कोहली की तरफ से कोई रिएक्शन नहीं आया है।

क्या फैली थी खबर? 

बुधवार शाम को एक न्यूज चैनल में विराट और अनुष्का की शादी की खबर चली। इसमें ये भी कहा गया कि दोनों अगले हफ्ते शादी करने जा रहे हैं। इसके लिए दोनों ने भारत के बाहर का वेन्यू सिलेक्ट किया है और दोनों इटली के मिलान शहर में शादी करेंगे। इसके अलावा ये भी कहा गया कि दोनों 11-12 या 13 दिसंबर को इटली में शादी करेंगे। हालांकि, शादी का रिसेप्शन 21 दिसंबर को मुंबई में ही होगा और इसके लिए दोस्तों को इन्विटेशन भी भेजे जा चुके हैं। इसके साथ ही इस खबर में ये भी कहा गया था कि विराट कोहली खुद 7 दिसंबर को इटली रवाना हो रहे हैं।

क्यों फैली ये अफवाह?

दरअसल, टीम इंडिया के कैप्टन विराट कोहली ने श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज से इसलिए खेलने से मना कर दिया है, क्योंकि वो साउथ अफ्रीका टूर से पहले कुछ दिन के लिए रेस्ट चाहते हैं। इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर दोनों की "लवलाइफ" की चर्चाएं फिर से शुरू हो गई थी। विराट के छुट्टी लेने की खबर आने के बाद से ही मीडिया में चर्चा में शुरू हो गई थी कि दिसंबर में विराट और अनुष्का शादी के बंधन में बंध सकते हैं। इसके अलावा ये भी कहा जा रहा था कि दिसंबर में अनुष्का भी कोई शूटिंग नहीं करना चाहती है। इससे इस बात को और हवा मिल गई थी।

17 महीने बाद रेस्ट ले रहे हैं विराट

श्रीलंका के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज में विराट कोहली को रेस्ट दिया गया है। इससे पहले कोहली को जून-2016 में जिंबाब्वे के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज में आराम दिया गया था। यानी कि टीम इंडिया के कैप्टन लगभग 17 महीने बाद किसी वनडे सीरीज में नहीं खेलेंगे। इसके अलावा ये भी बता दें कि इस साल विराट कोहली 45 इंटरनेशल मैच खेल चुके हैं। साथ ही 10 IPL मैचों में उन्होंने खेला है। अगर देखा जाए तो विराट कोहली का ये पूरा साल क्रिकेट मैच खेलते ही निकल गया। जो कि किसी भी इंडियन प्लेयर के मुकाबले सबसे ज्यादा है। इस दौरान विराट सिर्फ एक ही मैच से बाहर रहे हैं, वो भी कंधे में चोट की वजह से। दरअसल, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रांची टेस्ट में फील्डिंग के दौरान विराट को कंधे में चोट लग गई थी, जिस वजह से कोहली धर्मशाला टेस्ट में नहीं खेल पाए थे।

हाल ही में लिए हैं शादी के "7 वचन"

हाल ही में दीवाली से पहले विराट-अनुष्का के बीच शूट किया गया एक कमर्शियल का वीडियो वायरल हुआ था। इस कमर्शियल एड में विराट-अनुष्का ने शादी के "7 वचन" लिए थे। इस कमर्शियल को मान्यवर ब्रांड ने बनाया था और इस वीडियो में इस "पॉपुलर सेलिब्रेटी कपल" के बीच काफी बॉन्डिंग दिख रही थी। इस वीडियो में कोहली ने अनुष्का से कहा था, कि वो महिने के 15 दिन खाना बनाएंगे, जबकि अनुष्का ने भी कहा था कि वो जैसा खाना बनाएंगे, वैसा खा लेंगी। ये वीडियो रोमांटिक होने के साथ-साथ काफी इमोशनल भी था। इस वीडियो के लास्ट में कोहली अनुष्का से हमेशा ख्याल रखने की बात कह रहे थे, जिसके बाद अनुष्का काफी इमोशनल हो जाती हैं और बाद में वो भी विराट का हमेशा ख्याल रखने की बात कहती हैं। इस वीडियो को काफी पसंद किया गया। इस वीडियो के आने के बाद से ही फैंस दोनों की शादी का बेसब्री का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में दिसंबर महिने में इनकी शादी की खबरें आना, फैंस के लिए किसी खुशखबरी से कम नहीं है।

2013 में शुरू हुई थी दोनों की लव स्टोरी

विराट-अनुष्का की लव स्टोरी 2013 में उस वक्त शुरू हुई, जब दोनों एक कमर्शियल में दिखाई दिए थे। दोनों पहली बार साथ में एक शैंपू की एड में नजर आए थे। इसके बाद मीडिया में इन दोनों की लव स्टोरी के बारे में तब पता चला, जब विराट साउथ अफ्रीका टूर से लौटे थे। उन्हें मुंबई एयरपोर्ट पर रिसीव करने के लिए अनुष्का ने अपनी कार भी भेजी थी और इसके बाद विराट यहां से अनुष्का के घर गए थे। इसके बाद दोनों को कई बार अलग-अलग जगहों पर स्पॉट किया गया। शुरुआत में ये दोनों रिलेशनशिप से इनकार करते रहे, लेकिन वो कहते हैं न "इश्क छुपता नहीं छुपाने से।" कहा जाता है कि विराट और अनुष्का दोनों एक-दूसरे को बचपन से जानते हैं। बचपन में अनुष्का विराट के साथ क्रिकेट भी खेल चुकी हैं। बता दें कि अनुष्का के भाई करुणेंद्र अंडर-19 क्रिकेट खेल चुके हैं और विराट को लंबे समय से जानते हैं।

Similar News