पुलिस को बम धमाके की झूठी जानकारी देने वाला गिरफ्तार

नशे की हालत में फोन करने की बात स्वीकारी  पुलिस को बम धमाके की झूठी जानकारी देने वाला गिरफ्तार

Anita Peddulwar
Update: 2022-12-31 14:34 GMT
पुलिस को बम धमाके की झूठी जानकारी देने वाला गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। नए साल की पूर्व संध्या पर मुंबई में कई ठिकानों पर धमाके की धमकी देने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी का नाम नरेंद्र कवले है। उसे मुंबई के ही धारावी इलाके से पकड़ा गया है। पूछताछ में आरोपी ने नशे की हालत में फोन करने की बात स्वीकार की है। 
मुंबई पुलिस के कंट्रोल रुम में शुक्रवार रात नौ बजे के करीब आरोपी ने कई बार फोन किया था। आरोपी ने पुलिस को कहा कि मजहर हुसैन नाम का एक व्यक्ति मुंबई में धमाका करने के लिए जा रहा है। आरोपी ने दावा किया कि मजहर उत्तर प्रदेश के आजमगढ जिले का रहने वाला है और उसके पास 3-4 असलहे और धमाके के लिए आरडीएक्स है। उसने पुलिस से कहा कि मुंबई में तीन से चार जगहों पर शुक्रवार रात और शनिवार को धमाके होंगे। महानगर में सुरक्षा के चाक चौबंद इतजाम कर चुकी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और आजाद मैदान पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि जिस मोबाइल से फोन किया गया था वह मुंबई के ही धारावी इलाके में सक्रिय है। इसके बाद आरोपी को दबोच लिया गया। मामले में झूठी सूचना देने, अफवाह फैलाने जैसे आरोपों में एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। एक दिन पहले ही मुंबई के मशहूर माउंट मेरी चर्च में भी धमाके की धमकी भरा ईमेल मिलने से हड़कंप मच गई थी। पुलिस उस मामले की भी जांच कर रही है। 

Tags:    

Similar News