न्यू बाइक: 2025 Harley-Davidson Street Bob भारत में लॉन्च, कीमत 18.77 लाख रुपए

- इस बाइक को कुल पांच रंगों में पेश किया गया है
- इसमें 4 इंच का डिजिटल-एनालॉग डिस्प्ले दिया गया है
- 1,923 सीसी का, वी-ट्विन, एयर/लिक्विड-कूल्ड इंजन है
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिकी मोटरसाइकिल निर्माता हार्ले-डेविडसन (Harley Davidson) भारत में अपनी पॉपुलर क्रूजर बाइक स्ट्रीट बॉब (Street Bob) का अपडेटेड वर्जन लॉन्च कर दिया है। इसकी डिजाइन में कुछ बदलाव किए गए हैं। साथ ही अब इसमें कई सारे बेहतरीन फीचर्स और नया दमदार इंजन भी देखने को मिलेगी। इस बाइक को कुल पांच रंगों में पेश किया गया है। इनमें बिलियर्ड ग्रे, विविड ब्लैक, सेंटरलाइन, आयरन हॉर्स मेटैलिक और पर्पल एबिस डेनिम शामिल हैं।
आपको बता दें कि, यह क्रूजर बाइक कुछ साल पहले पहली बार बाजार में आई थी। हालांकि, बाद में इसे 2022 में बंद कर दिया गया। वहीं अब इसकी एक बार फिर से वापिसी हुई है। 2025 Harley-Davidson Street Bob को भारत में 18.77 लाख रुपए की एक्स-शोरूम कीमत पर लॉन्च किया गया है। आइए जानते हैं इस बाइक की खूबियां...
2025 Harley-Davidson Street Bob: फीचर्स और हार्डवेयर
2025 हार्ले-डेविडसन स्ट्रीट बॉब में अपने पिछले मॉडल की खूबियां बरकरार हैं। हालांकि, पहले वाले मॉडल में ब्लैक-आउट एग्जॉस्ट मिलता था, जिसे अब क्रोम फिनिश वाले टू-इन-वन लॉन्गटेल यूनिट से बदल दिया गया है। इसमें मिनी एप-हैंगर स्टाइल का हैंडलबार दिया गया है। इसके अलावा इसमें बॉब्ड-स्टाइल रियर फेंडर और "स्ट्रेच्ड-डायमंड" ब्लैक और क्रोम मेडलियन देखने को मिलता है। बाइक अलॉय व्हील्स के साथ स्टैंडर्ड आती है, लेकिन क्रॉस-स्पोक ट्यूबलेस व्हील्स का ऑप्शन भी मिलता है।
Harley-Davidson Street Bob के रियर में टेलिस्कोपिक फोर्क और एक छिपा हुआ प्रीलोड-एडजस्टेबल मोनोशॉक दिया गया है। वहीं ब्रेकिंग के लिए दोनों सिरों पर डिस्क ब्रेक जरिए कंट्रोल दिया गया है। इसमें 19-इंच के फ्रंट और 16-इंच के रियर व्हील सेटअप दिया गया है।
बात करें फीचर्स की तो, इसमें 4 इंच का डिजिटल-एनालॉग डिस्प्ले दिया गया है। इसमें तीन राइड मोड (रेन, रोड और स्पोर्ट) मिलते हैं। इसके अलावा एक यूएसबी टाइप-सी चार्जिंग पोर्ट और बहुत कुछ शामिल हैं। नई स्ट्रीट बॉब में कॉर्नरिंग एबीएस, ट्रैक्शन कंट्रोल, ड्रैग-टॉर्क स्लिप कंट्रोल सिस्टम और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं।
2025 Harley-Davidson Street Bob: इंजन और पावर
2025 हार्ले-डेविडसन स्ट्रीट बॉब में 1,923 सीसी का, वी-ट्विन, एयर/लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया गया है। यह इंजन 91 एचपी की अधिकतम पावर और 156 एनएम का अधिकतम टॉर्क प्रदान करता है। यह 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ मिलकर काम करता है।
Created On :   18 Aug 2025 6:26 PM IST