टाटा ईवी: Tata Punch EV को मिले दो नए कलर ऑप्शन, चार्जिंग स्पीड को भी बेहतर किया

- प्योर ग्रे और सुपरनोवा कॉपर कलर में पेश किया है
- डिजाइन और लुक में कोई बदलाव नहीं किया है
- इसके लिए फास्ट DC चार्जिंग स्पीड भी मिल गई है
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स (Tata Motors) ने अपनी किफायती इलेक्ट्रिक एसयूवी पंच (Punch EV) को दो नए कलर ऑप्शन प्योर ग्रे और सुपरनोवा कॉपर में पेश किया है। इतना ही नहीं नए कलर ऑप्शन के साथ ही इसके लिए फास्ट DC चार्जिंग स्पीड भी मिल गई है। हालांकि, टाटा ने पंच ईवी के डिजाइन और लुक में कोई बदलाव नहीं किया है। इसकी कीमत 9.99 लाख रुपए (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है। आइए जानते हैं इसकी खूबियों के बारे म़ें...
2025 Tata Punch EV में क्या खास?
इस किफायती एसयूवी को दो नए एक्सटीरियर कलर ऑप्शन प्योर ग्रे और सुपरनोवा कॉपर में पेश किया किया गया है। इसके अलावा पहले से ईवी फियरलेस रेड, सीवीड, एम्पॉवर्ड ऑक्साइड, डेटोना ग्रे और प्रिस्टीन व्हाइट रंगों में उपलब्ध है। ऐसे में फ्यूचरिस्टिक डिजाइन के साथ आने वाली ये कॉम्पैक्ट एसयूवी अब कुल 7 रंगों में उपलब्ध होगी। यह सभी कलर ऑप्शन ब्लैक रूफ के साथ डुअल-टोन शेड्स में उपलब्ध हैं।
कंपनी ने इस ईवी की चार्जिंग स्पीड को भी बेहतर किया गया है। अब इसमें एक DC फास्ट चार्जर दिया जा रहा है, जिससे 10-80 प्रतिशत तक चार्ज होने में सिर्फ 40 मिनट लगते हैं। जबकि, पहले इतना चार्ज होने में 56 मिनट का समय लगता था। इसके साथ ही अब महज 15 मिनट की चार्जिंग में इससे 90 किमी तक का सफर किया जा सकता है।
सुरक्षा में मिले थे 5 अंक
आपको बता दें कि, इसी साल जून में BNCAP की ओर से Punch EV का टेस्ट किया गया था। इसमें इलेक्ट्रिक एसयूवी ने व्यस्कों और बच्चों की सुरक्षा के लिए पूरे अंक प्राप्त किए थे। टाटा की पंच को व्यस्कों की सुरक्षा के लिए 32 में से 31.46 अंक मिले थे। जबकि बच्चों की सुरक्षा के लिए एसयूवी ने 49 में से 45 अंक हासिल किए। वहीं टाटा नेक्सन ईवी को भी व्यस्कों की सुरक्षा के लिए 32 में से 29.86 अंक मिले, जबकि बच्चों की सुरक्षा के लिए एसयूवी 49 में से 44.95 अंक प्राप्त करने में सफल रही थी।
Created On :   14 Aug 2025 8:34 PM IST