बीएमडब्ल्यू की सस्ती कार: BMW 2 Series Gran Coupe 2025 भारत में लॉन्च, कीमत 46.9 लाख रुपए से शुरू

- बेस वेरिएंट की शुरुआती कीमत 46.90 लाख रुपए है
- टॉप वेरिएंट की कीमत 48.90 लाख रुपए रखी गई है
- कार को डीलरशिप के जरिए बुक किया जा सकता है
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जर्मनी की लग्जरी वाहन निर्माता बीएमडब्ल्यू (BMW) ने भारतीय बाजार में अपनी बीएमडब्ल्यू 2 सीरीज ग्रैन कूप (BMW 2 Series Gran Coupe) को लॉन्च कर दिया है। इसका प्रोडक्शन BMW ग्रुप के चेन्नई स्थित प्लांट में स्थानीय स्तर पर किया जाएगा। यह एंट्री-लेवल BMW सेडान दो पेट्रोल वेरिएंट - BMW 218 M Sport और BMW 218 M Sport Pro में उपलब्ध है। इसे चार एक्सटीरियर कलर ब्रुकलिन ग्रे मेटैलिक, एम पोर्टिमाओ ब्लू मेटैलिक, अल्पाइन व्हाइट और ब्लैक सैफायर में पेश किया गया है। आइए जानते हैं इसकी कीमत और खूबियां...
BMW 2 Series Gran Coupe की कीमतें
इसे बीएमडब्ल्यू की ओर से एक किफायती कार के तौर पर लॉन्च किया गया है। इसे दो वेरिएंट में लॉन्च किया गया है। बेस वेरिएंट BMW 218 M Sport की शुरुआती कीमत 46.90 लाख रुपए तय की गई है। जबकि, टॉप वेरिएंट BMW 218 M Sport Pro की कीमत 48.90 लाख रुपए रखी गई है। इस कार को डीलरशिप के जरिए बुक किया जा सकता है और इसकी डिलीवरी को भी शुरू कर दिया गया है।
BMW 2 Series Gran Coupe 2025 इंजन
नई 2 Series Gran Coupe का 1.5-लीटर, 3-सिलेंडर, टर्बो-पेट्रोल इंजन 156 hp की अधिकतम पावर और 230 Nm का पीक टॉर्क जंनरेट करता है। यह इंजन 7-स्पीड स्टेपट्रॉनिक ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन से लैस है। इसकी टॉप स्पीड 230 किलोमीटर प्रति घंटा तक है। इसमें राइड के लिए एफिशिएंट, पर्सनल और स्पोर्ट मोड्स दिया गया है। यह कार 0-100 किमी/घंटा की रफ्तार 8.6 सेकंड में पकड़ लेती है।
BMW 2 Series Gran Coupe 2025 की खूबियां
इस कार में कई शानदार फीचर्स दिए गए हैं। इसमें 10.7 इंच कर्व्ड इंफोटेनमेंट सिस्टम और 10.24 इंच इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर है। इसमें वायरलेस एंड्राइड ऑटो, एपल कार प्ले, 12 स्पीकर के साथ हरमन कार्डन ऑडियो सिस्टम मिलता है। इसके अलावा 360 डिग्री कैमरा, पैनोरमिक सनरूफ, ADAS, वायरलेस चार्जर, हेड्स अप डिस्प्ले, एंबिएंट लाइट, डिजिटल की, केबिन प्री कूलिंग, एबीएस, ब्रेक असिस्ट, आइसोफिक्स चाइल्ड एंकरेज जैसे कई फीचर्स दिए गए हैं। कार में बीएमडब्ल्यू ड्राइविंग असिस्टेंट के साथ, आपको ब्लाइंड स्पॉट डिटेक्शन फीचर और लेन बदलने, आगे और पीछे की टक्कर की चेतावनी मिलती है।
Created On :   17 July 2025 5:59 PM IST