होंडा बाइक: Honda ने Rebel 500 की 96 यूनिट्स को किया रिकॉल, हैंडल लॉक के स्क्रू में मिली गड़बड़ी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जापान की दिग्गज दो पहिया वाहन निर्माता कंपनी होंडा ने भारतीय बाजार में अपनी प्रीमियम क्रूजर बाइक Honda Rebel 500 को रिकॉल किया है। कंपनी ने हाल ही में इस बाइक की 96 यूनिट्स के लिए एक वॉलंटरी रिकॉल कैंपेन की घोषणा की है। यह रिकॉल अप्रैल 2025 से अगस्त 2025 के बीच बनी बाइक्स पर लागू है। कंपनी के अनुसार, इन मोटरसाइकिलों में हैंडल-लॉक फिक्सिंग स्क्रू से जुड़ी समस्या है।
बाइक में क्या आई समस्या?
कंपनी के अनुसार, अप्रैल 2025 से अगस्त 2025 के बीच बनाई गई Honda Rebel 500 में हैंडल-लॉक फिक्सिंग स्क्रू से जुड़ी है। असेंबली के समय हैंडल-लॉक फिक्सिंग स्क्रू को निर्धारित टॉर्क के अनुसार टाइट करने में चूक हो सकती है। यदि यह स्क्रू बाद में ढीला होता है, तो इससे स्टीयरिंग की सामान्य मूवमेंट प्रभावित होने की संभावना है।
हालांकि, इस मामले में राहत की बात यह है कि HMSI के अनुसार 30 सितंबर 2026 तक भारत में इस समस्या से जुड़ी किसी घटना की रिपोर्ट नहीं हुई है। कंपनी ने एहतियाती कदम के तौर पर प्रभावित मोटरसाइकिलों को रिकॉल किया है, ताकि संभावित समस्या को समय रहते ठीक किया जा सके।
यह भी पढ़े -Bajaj Pulsar NS400Z नए अपडेट्स के साथ लॉन्च, 5-इंच TFT स्क्रीन और Google Maps जैसे फीचर्स से हुई लैस
नवंबर से शुरू होगा मुफ्त रिप्लेसमेंट
Honda Rebel 500 के प्रभावित ग्राहकों के लिए रिकॉल प्रक्रिया नवंबर 2026 के पहले सप्ताह से शुरू होगी। यह काम कंपनी के अधिकृत Honda BigWing डीलरशिप नेटवर्क के जरिए किया जाएगा। होंडा प्रभावित बाइक्स में हैंडल-लॉक फिक्सिंग स्क्रू को बदलने या आवश्यक सुधार करने की प्रक्रिया पूरी करेगी। इस काम के लिए ग्राहकों से कोई पैसा नहीं लिया जाएगा। बाइक की वारंटी खत्म हो चुकी हो, तब भी रिकॉल के तहत होने वाला यह काम मुफ्त रहेगा।
कंपनी खुद ग्राहकों से करेगी संपर्क
होंडा के मुताबिक प्रभावित ग्राहकों से कंपनी और उसकी डीलरशिप फोन कॉल, SMS और ईमेल के जरिए संपर्क करेंगी। इसके बाद ग्राहक के साथ सर्विस अपॉइंटमेंट तय किया जाएगा और बाइक को अधिकृत BigWing डीलरशिप पर जांच एवं जरूरी रिप्लेसमेंट के लिए ले जाना होगा।
Created On :   3 Oct 2026 3:07 PM IST







