आगामी ईवी: Tata Harrier.EV के लॉन्च से पहले टीजर हुआ जारी, पहाड़ की चोटी पर भी चढ़ जाएगी ये दमदार एसयूवी!

- वीडियो में इसकी पावर को दिखाया गया है
- ईवी एक पर्वत की ऊंचाई पर खड़ी नजर आई
- ईवी को कठिन इलाकों के लिए तैयार किया है
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी वाहन निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स (Tata Motors) की हैरियर (Harrier) का इलेक्ट्रिक अवतार अगले महीने लॉन्च होगा। इसकी तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है और लॉन्च से पहले कंपनी ने इसका एक टीजर भी जारी किया है, जिसमें इसकी पावर को दिखाया गया है। सोशल मीडिया पर जारी एक टीजर वीडियो में हैरियर ईवी पहाड़ की चोटी पर चढ़ने की कोशिश करते नजर आई है।
आपको बता दें कि, इससे पहले भी कंपनी इस इलेक्ट्रिक एसयूवी को कई मौकों पर प्रदर्शित कर चुकी है। यह एसयूवी ब्रांड की लाइनअप में सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक गाड़ी होगी, जो Tiago.ev, Tigor.ev, Punch.ev और Nexon.ev जैसे मॉडल्स में शामिल होगी। नए टीजर में क्या है खास? आइए जानते हैं...
टीजर में क्या खास?
टाटा मोटर्स ने लॉन्च इवेंट से पहले, हाल ही में Harrier.EV का पहला टीजर जारी किया है। इसमें सबसे पहले कुछ कोऑर्डिनेट्स नजर आते हैं, जो 9°39'58.1"N, 76°54'12.2"E और ऊंचाई 3937 फीट है। ब्रांड द्वारा जारी किए गए छोटे वीडियो क्लिप में नजर आने वाली यह जगह केरल के वागामोन की बताई जा रही है, जो कुरिशुमाला पर्वत है। इस वीडियो में ऑफ-रोड ड्राइवर डॉ. मोहम्मद फहद नजर आते हैं, जो बताते हैं कि Harrier.EV को पहाड़ की चोटी तक ले जाया जाएगा।
कंपनी ने अपने इस वीडियो में पर्वत की ऊंचाई पर खड़ी ईवी को दिखाया है। हालांकि, यह वहां कैसे पहुंची और आगे क्या होगा? यह सब वीडियो में नहीं है। लेकिन, इस वीडियो को देखकर इतना कहा जा सकता है कि कंपनी ने बताने की कोशिश की है कि Harrier.EV सिटी सिटी ड्राइव के लिए होगी, बल्कि इसे कठिन इलाकों के लिए भी पूरी तरह से तैयार किया गया है। वीडियो में ''delete- limit, delete- fear, delete- failure और delete- impossible'' लिखा नजर आता है।
Tata Harrier EV का कैसा है डिजाइन?
यह कंपनी के D8 प्लेटफॉर्म पर बेस्ड है, इसे Tata ने Acti.ev (Gen 2) प्लेटफॉर्म बताया है। यह ईवी अपने ICE सिबलिंग से अपने अधिकांश डिजाइन सिग्नल लेती है, जिसमें एक्सटीरियर और इंटीरियर डिजाइन शामिल है। हालांकि, यह ईवी पेट्रोल और डीजल ऑप्शन वाले मॉडल से अधिक अट्रैक्टिव और अग्रेसिव नजर आती है। इसमें आगे की तरफ वर्टिकल LED हेडलाइट्स और DRLs दिए गए हैं। जबकि, रियर में कनेक्टेड लाइट बार और बंपर में वर्टिकल फॉग लैंप्स दिए गए हैं। इसमें 19-इंच के एलॉय व्हील्स देखने को मिलेंगे।
Tata Harrier EV बैटरी और पावर
इस ईवी में डुअल मोटर दिया जाएगा, जो सभी पहियों तक बैटरी से पावर पहुंचाने का काम करता है। यह 500Nm तक का टॉर्क जनरेट करेगा। इसमें 55 से 60 kWh बैटरी पैक दिया जा सकता है। कहा जा रहा है कि, यह सिंगल चार्ज में यह 500 किलोमीटर तक की रेंज ऑफर कर सकती है।
Created On :   31 May 2025 5:30 PM IST