इलेक्ट्रिक कार: Xiaomi SU7 भारत में जल्द हो सकती है लॉन्च, जानिए क्या हैं इसकी खूबियां और कितनी है रेंज

Xiaomi SU7 भारत में जल्द हो सकती है लॉन्च, जानिए क्या हैं इसकी खूबियां और कितनी है रेंज
Xiaomi SU7 को बैंगलोर में 9 जुलाई को पेश किया जाएगा SU7 EV के टॉप वेरिएंट की रफ्तर 265 किमी प्रति घंटा है चीन में इसकी शुरुआती कीमत लगभग 24.90 लाख रुपए है

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। चीनी इलेक्ट्रॉनिक्स दिग्गज शाओमी (Xiaomi) ने इस साल मार्च में अपनी पहली इलेक्ट्रिक सेडान कार एसयू7 (SU7) को घरेलू बाजार में लॉन्च किया था। वहीं अब कंपनी इसे भारतीय बााजर में लॉन्च करने की योजना बना रही है। दरअसल, ए​क रिपोर्ट के अनुसार, इस कार को विशेष रूप से बेंगलुरु में भागीदारों, कर्मचारियों और आम जनता के लिए पेश किया जाएगा। आइए जानते हैं इसकी खूबियों और कीमत के बारे में...

भारत में कब होगी लॉन्च?

कंपनी Xiaomi SU7 को बैंगलोर में 9 जुलाई को पेश करने वाली है। हालांकि, कंपनी के प्रवक्ता का कहना है कि भारत में फिलहाल, कार लॉन्च करने की कोई योजना नहीं है, लेकिन उन्होंने कहा कि वे बाजार के अवसरों का मूल्यांकन करना जारी रखेंगे।

कितनी है कीमत?

इस इलेक्ट्रिक कार को इस साल की शुरुआत में चीन में लॉन्च किया गया था। चीन में इसकी शुरुआती कीमत 2,15,900 युआन (लगभग 24.90 लाख रुपए) है, जो कि टॉप वेरिएंट में 299,900 युआन (लगभग 34.44 लाख रुपए) तक जाती है।

मिलते हैं चार वेरिएंट

चीन में इलेक्ट्रिक कार SU7 चार वेरिएंट में उपलब्ध है। इनमें बेस वेरिएंट, प्रो वेरिएंट और मैक्स वेरिएंट के साथ लिमिटेड फाउंडर एडिशन शामिल है। इसमें दो अलग-अलग व्हील साइज के विकल्प मिलेंगे, इनमें क्रमश: 19 इंच और 20 इंच शामिल हैं।

बैटरी और रेंज

शाओमी की इस ईवी के बेस वेरिएंट में 73.6 kWh बैटरी पैक मिलता है, जो कि 668 किमी तक की रेंज देगी। जबकि, इसके टॉप मॉडल में 101kWh की बैटरी दी गई है, जो कि सिंगल चार्ज में 800 किमी की रेंज देती है। इसके अलावा कंपनी की योजना भविष्य में 150 kWh बैटरी पैक लॉन्च करने की है, जिसमें 1200 से 1500 किमी की रेंज मिलेगी। बात करें स्पीड की तो Xiaomi SU7 EV के टॉप वेरिएंट में 265 किमी प्रति घंटे की रफ्तार मिलती है। यह कार महज 2.78 सेकंड में 0-100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ने में सक्षम है।

Created On :   6 July 2024 7:17 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story