कुश्ती संघ विवाद: साक्षी मलिक के बाद बजरंग पूनिया ने भी लिया बड़ा एक्शन, पद्मश्री वापस लौटाने का किया एलान

साक्षी मलिक के बाद बजरंग पूनिया ने भी लिया बड़ा एक्शन, पद्मश्री वापस लौटाने का किया एलान
  • बजरंग पूनिया ने पद्मश्री वापस लौटाने का किया एलान
  • गुरुवार को साक्षी मलिक ने की थी संन्यास की घोषणा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय कुश्ती संघ के चुनाव में संजय सिंह के जीत के बाद एक बार फिर से पहलवान विरोध पर उतर आए हैं। गुरुवार शाम को महिला पहलवान साक्षी मलिक ने संजय सिंह के अध्यक्ष बनने के बाद कुश्ती से संन्यास का एलान कर दिया था। अब बजरंग पूनिया ने भी इस फैसले के खिलाफ बड़ा कदम उठाते हुए अपना पद्मश्री अवॉर्ड लौटाने का फैसला किया है।

बजरंग पूनिया ने लौटाया अपना पद्मश्री अवॉर्ड

पद्मश्री अवॉर्ड वापस लौटाने की जानकारी खुद बजरंग पूनिया ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से दी। इसके साथ ही बजरंग पूनिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी भी लिखी है। अपने इस पोस्ट में पूनिया ने पीएम को लिखी चिट्ठी भी शेयर की। बजरंग पूनिया ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, "मैं अपना पद्मश्री पुरस्कार प्रधानमंत्री जी को वापस लौटा रहा हूँ। कहने के लिए बस मेरा यह पत्र है। यही मेरी स्टेटमेंट है।"

गुरुवार को भी जताया था चुनाव का विरोध

इससे पहले गुरुवार को संजय सिंह के अध्यक्ष चुने जाने के बाद बजरंग पूनिया ने कहा था कि खेलमंत्री ने ऑन रिकॉर्ड कहा था कि बृजभूषण से संबंधित फेडरेशन में कोई नहीं आएगा। लेकिन ऐसा नहीं हुआ और बेटियों को न्याय नहीं मिला। आज के चुनाव में बृजभूषण के आदमी को ही जीत मिली है। मुझे न्यायपालिका पर भरोसा था कि वे न्याय करेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सरकार ने जो वादा किया था वह उसे पूरा करने में सफल नहीं रही।

साक्षी मलिक ने कुश्ती को कहा अलविदा

वहीं साक्षी मलिक ने संजय सिंह के अध्यक्ष बनने के बाद रोते हुए कहा था कि हम 40 दिनों तक सड़कों पर सोए और देश के कई हिस्सों से लोगों ने हमारा सपोर्ट किया। लेकिन बावजूद इसके हम नहीं जीत पाए क्योंकि एक बार फिर से बृजभूषण जैसा ही कुश्ती संघ का चुनाव जीत गया। इसलिए अगर बृजभूषण का बिजनेस पार्टनर और करीबी संजय सिंह कुश्ती संघ का अध्यक्ष चुना जाता है तो मैं अपनी कुश्ती त्यागती हूं।

Created On :   22 Dec 2023 12:18 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story