बड़ी उपलब्धि: मुकेश अंबानी की RIL ने बनाया रिकॉर्ड, 20 लाख करोड़ रुपए का मार्केट कैप हासिल करने वाली पहली भारतीय कंपनी बनी

मुकेश अंबानी की RIL ने बनाया रिकॉर्ड, 20 लाख करोड़ रुपए का मार्केट कैप हासिल करने वाली पहली भारतीय कंपनी बनी
  • मुकेश अंबानी दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 11वें नंबर पर
  • दौलत में करीब डेढ़ महीने में 12.9 अरब डॉलर की तेजी
  • 52-सप्ताह के उच्च स्तर 2957.80 रुपए पर पहुंचा शेयर

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआईएल) ने एक नई उपलब्धि अपने नाम दर्ज कराकर इतिहास रच दिया है। दरअसल, मंगलवार को रिलायंस का मार्केट कैपिटलाइजेशन 20 लाख करोड़ रुपए हो गया है। इस बड़ी राशि के साथ बाजार पूंजीकरण का लक्ष्य पार करने वाली ये पहली सूचीबद्ध भारतीय कंपनी बन गई। बता दें कि, ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के अनुसार मुकेश अंबानी सबसे अमीर भारतीय हैं वहीं नई उपलब्धि के बाद वे दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 11वें नंबर पर पहुंच गए हैं।

शेयर में जबरदस्त तेजी आई

आज शेयर बाजार के शुरुआत कारोबार के दौरान ही कंपनी के शेयरों में शानदार तेजी देखने को मिली। वहीं कुछ ही देर के बाद आरआईएल का शेयर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर 1.89% तक बढ़कर 52-सप्ताह के उच्च स्तर 2957.80 रुपए पर पहुंच गया, जो कि इसका ऑल टाइम हाई लेवल भी है। इस जबरदस्त उछाल के साथ ही कंपनी का मार्केट कैप 20 लाख करोड़ रुपए के स्तर पर पहुंच गया।

2024 में कितनी बढ़ी संपत्ति

साल 2024 शुरू होने के बाद से अब तक मुकेश अंबानी की नेटवर्थ में जबरदस्त तेजी देखी गई है। ब्लूमबर्ग के अनुसार, मुकेश अंबानी की संपत्ति में करीब डेढ़ महीने में ही 12.9 अरब डॉलर की तेजी आई है। इस अवधि में वे सबसे ज्यादा कमाई करने वाले टॉप-10 अरबपतियों में शामिल हैं। वहीं पिछले दो हफ्तों में ही RIL की मार्केट वैल्यू 1 लाख करोड़ रुपए बढ़ गई है।

हुरून इंडिया की लिस्ट में नंबर वन

आपको बता दें कि, मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) को हाल ही में वैल्यूएशन के लिहाज से भारत की टॉप कंपनी घोषित किया गया था। एक्सिस बैंक की प्राइवेट बैंकिंग यूनिट बरगंडी प्राइवेट और हुरून इंडिया की रिपोर्ट में रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैपिटल 15.6 लाख करोड़ रुपए बताया गया था।

आरआईएल ने अगस्त 2005 में 1 लाख करोड़ रुपए का बाजार पूंजीकरण हासिल किया था। वहीं नवंबर 2019 में यह 10 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गया। लेकिन आज कंपनी के शेयरों में उछाल के बाद 20 लाख करोड़ रुपए के बाजार पूंजीकरण के साथ, आरआईएल भारत में सबसे मूल्यवान कंपनी बन गई है।

Created On :   13 Feb 2024 8:51 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story