लोकसभा चुनाव: सुबह कांग्रेस, दोपहर में भाजपा उम्मीदवार ने भरा नामांकन

सुबह कांग्रेस, दोपहर में भाजपा उम्मीदवार ने भरा नामांकन
  • नामांकन के आखिरी दिन दोनों पार्टियों के उम्मीदवारों ने किया शक्ति प्रदर्शन
  • उम्मीदवार के साथ नेता और कार्यकर्ता रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे।
  • दुनिया और पूरा देश यह समझ चुका है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों में देश सुरक्षित है।

डिजिटल डेस्क,अनूपपुर। शहडोल संसदीय क्षेत्र में लोकसभा चुनाव के पहले चरण में होने वाले मतदान के लिए 27 मार्च को नामांकन के अंतिम दिन भाजपा और कांग्रेस पार्टी ने शक्ति प्रदर्शन किया।

सुबह कांग्रेस उम्मीदवार फुंदेलाल सिंह मार्को तो दोपहर में भाजपा उम्मीदवार हिमाद्री सिंह ने नामांकन जमा किया। दोनों ही दलों के उम्मीदवार के समर्थन में पूरे संसदीय क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता अनूपपुर पहुंचे। भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के द्वारा आम सभा की गई।

उम्मीदवार के साथ नेता और कार्यकर्ता रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। नामांकन जमा किया। इससे पहले दोनों ही दलों के उम्मीदवार मुहूर्त का नामांकन जमा कर चुके थे।

5 साल में भाजपा सांसद कितने गांव गईं?-जीतू पटवारी

भाजपा सांसद और वर्तमान उम्मीदवार हिमाद्री सिंह पिछले पांच साल में संसदीय क्षेत्र मेें कितने गांव गईं। अंचल के लोगों ने स्थानीय समस्याओं को संसद में उठाते हुए सांसद को टीवी पर देखा हो तो बताएं। किसी के सुख-दुख में कभी नहीं गईं, जब कहीं दिखती नहीं तो ऐसी सांसद को घर भेजने की तैयारी करो।

यह बात कांग्रेस पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने अनूपपुर में सभा को संबोधित करते हुए कही। कांग्रेस उम्मीदवार फुंदेलाल मार्को के समर्थन में अनूपपुर पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने कहा कि भाजपा के शासन में आदिवासियों के ऊपर अत्याचार बढ़ा है।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि मोदी की गारंटी के बावजूद देश में युवा बेरोजगार हैं। महंगाई पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। खाने का तेल और पेट्रोल दोनों ही आम जनता की कमर तोड़ रहे हैं। इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी शहडोल जिलाध्यक्ष सुभाष गुप्ता, अनूपपुर जिलाध्यक्ष रमेश सिंह सहित संसदीय क्षेत्र से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हमारा देश आर्थिक महाशक्ति बनेगा - राजेंद्र शुक्ल

दुनिया और पूरा देश यह समझ चुका है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों में देश सुरक्षित है। यह चुनाव हमारे बच्चों के भविष्य बचाने का चुनाव है। जो लोग भाजपा में शामिल हो रहे हैं, वे भारत को मजबूत कर रहे हैं।

यह बात मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बुधवार को अनूपपुर में भाजपा उम्मीदवार हिमाद्री ङ्क्षसह के नामांकन में शामिल हुए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि कोई सोच भी नहीं सकता था कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पक्का मकान, फ्री उपचार, अच्छी सडक़ें, रेलवे लाइन का विस्तार, स्टेशनों का कायाकल्प, धारा 370 हटाना, कश्मीर समस्या का समाधान, राम मंदिर निर्माण जैसे काम करेंगे।

कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के स्वतंत्र राज्यमंत्री दिलीप जायसवाल और सांसद उम्मीदवार हिमाद्री सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री अनूपपुर विधायक बिसाहू लाल ङ्क्षसह, जैतपुर विधायक जयसिंह मरावी सहित अन्य विधायक व पदाधिकारी उपस्थित रहे।

अंतिम दिन 6 उम्मीदवारों ने पर्चा किया दाखिल

नामांकन के अंतिम दिन बुधवार को 6 उम्मीदवारों ने नामांकन जमा किया। इसमें कांग्रेस से फुंदेलाल सिंह मार्को, भारतीय जनता पार्टी से हिमाद्री सिंह, बहुजन समाज पार्टी से धनीराम कोल, छत्तीसगढ़ विकास गंगा राष्ट्रीय पार्टी से दुर्गा भरिया, निर्दलीय केशकली बैगा व गुन्जान शामिल हैं।

इससे पहले भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के रविकरण सिंह धुर्वे, पीपल्स पार्टी ऑफ इण्डिया (डेमोक्रेटिक) के अमृत लाल गोंड़, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इण्डिया के समर शाह सिंह व गोंड़वाना गणतंत्र पार्टी के अनिल सिंह धुर्वे सहित 10 उम्मीदवारों ने नामांकन जमा किया है।

खास-खास

नामांकन जमा करने की अंतिम तारीख समाप्त होने के बाद अब नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 28 मार्च को होगी। नाम निर्देशन वापस लिए जाने की अंतिम तारीख 30 मार्च निर्धारित की गई है।

भाजपा उम्मीदवार का नामांकन जमा करवाने पहुंचे उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल की जनसभा में कोतमा नगर पालिका अध्यक्ष अजय सराफ, उपाध्यक्ष वैशाली ताम्रकार सहित कई कांग्रेस पार्षदों ने भाजपा ज्वाइन किया।

मंचीय उद्बोधन में दोनों ही दलों के नेताओं ने दूसरे दल पर जमकर आरोप लगाए।

Created On :   28 March 2024 12:20 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story