- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- राऊत बोले - मुंबई मनपा चुनाव जीतना...
Mumbai News: राऊत बोले - मुंबई मनपा चुनाव जीतना ठाकरे भाइयों का लक्ष्य, भाजपा नेता पद्माकर वलवी की कांग्रेस में घर वापसी

- प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सपकाल की मौजूदगी में पूर्व मंत्री ने किया प्रवेश
- पद्माकर वलवी की कांग्रेस में घर वापसी
Mumbai News. शिवसेना (उद्धव) के पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे और मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे का लक्ष्य आगामी मुंबई मनपा चुनाव में मिलकर जीतना है। शनिवार को शिवसेना (उद्धव) के सांसद संजय राऊत ने यह दावा किया है। पत्रकारों से बातचीत में राऊत ने कहा कि मुंबई समेत दूसरे कई मनपा क्षेत्रों में शिवसेना (उद्धव) और मनसे के पदाधिकारी विभिन्न मुद्दों पर एक साथ आकर लड़ाई लड़ रहे हैं। इसके साथ ही आगामी स्थानीय निकाय चुनाव में गठबंधन के लिए शिवसेना (उद्धव) और मनसे के बीच चर्चा शुरू है। जिस तरीके से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के नेताओं का लक्ष्य मुंबई मनपा चुनाव है। भाजपा मुंबई मनपा पर कब्जा करना चाहती है। उसी तरह से उद्धव और राज दोनों ठाकरे भाइयों का लक्ष्य मुंबई मनपा चुनाव जीतना है। प्रदेश के आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने शिवसेना (उद्धव) को कोई एक मनपा जीतने की चुनौती दी है। इस पर राऊत ने कहा कि महाजन महर्षि व्यास नहीं हैं। दोनों ठाकरे भाइयों के राजनीतिक गठबंधन करने के बाद महाजन को हमारी ताकत का अंदाजा लग जाएगा। इससे पहले शुक्रवार को नाशिक में राऊत ने कहा था कि दोनों ठाकरे भाई मुंबई, ठाणे, कल्याण-डोंबिवली और नाशिक मनपा चुनाव में एक साथ लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।
राज के साथ गठबंधन पर पुनर्विचार करें उद्धव- किशोर तिवारी
शिवसेना (उद्धव) के पूर्व प्रवक्ता किशोर तिवारी ने पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पत्र लिखकर मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे से गठबंधन पर पुनर्विचार करने का आह्वान किया। तिवारी ने कहा कि राज भाषा और प्रांतवाद को बढ़ावा देकर गैर मराठी भाषी और अल्पसंख्यक समुदाय के खिलाफ लगातार जहर उगलते हैं। मीडिया में रिपोर्ट आ रही है कि शिवसेना (उद्धव) और मनसे मिलाकर आगामी निकाय चुनाव लड़ेगी। लेकिन मनसे से गठजोड़ शिवसेना (उद्धव) के लिए विनाशकारी साबित हो सकता है। राज्य में तीन करोड़ पचास लाख से अधिक हिंदी भाषी और अल्पसंख्यक सहित दूसरे समुदाय के लोग रहते हैं। ये लोग मुंबई और आसपास की दस मनपा क्षेत्रों में रहते हैं। ये लोग शिवसेना (उद्धव) और मनसे के गठबंधन का विरोध कर रहे हैं। इससे शिवसेना (उद्धव) के साथ महाविकास आघाड़ी को भी आगामी निकाय चुनाव में नुकसान हो सकता है। इस स्थिति को रोकने के लिए उद्धव को राज से हाथ मिलाने के फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए।
भाजपा नेता पद्माकर वलवी की कांग्रेस में घर वापसी, सपकाल की मौजूदगी में प्रवेश
नंदूरबार के भाजपा के नेता तथा प्रदेश के पूर्व मंत्री पद्माकर वलवी की कांग्रेस में घर वापसी हुई है। शनिवार को बुलढाणा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल की मौजूदगी में वलवी कांग्रेस में शामिल हुए। इस मौके पर कांग्रेस नेता तथा प्रदेश के पूर्व मंत्री वसंत पुरके, आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश महासचिव रोशन गावित, धुलिया आदिवासी कांग्रेस के अध्यक्ष दीपक अहिरे मौजूद थे। बीते दिनों वलवी ने उपमुख्यमंत्री अजित पवार से मुलाकात की थी। इससे वलवी के राकांपा (अजित) में शामिल होने को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। लेकिन वलवी ने अब कांग्रेस में प्रवेश किया है। बीते 13 मार्च 2024 को वलवी कांग्रेस को छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सपकाल ने कहा कि जल्द ही नंदूरबार में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसमें वलवी के सहयोगियों और समर्थकों को भी कांग्रेस में शामिल किया जाएगा। सपकाल ने कहा कि वलवी के कांग्रेस में आने से नंदूरबार में पार्टी की ताकत बढ़ेगी। दूसरे दलों के नेता भी कांग्रेस में प्रवेश के लिए इच्छुक हैं। इससे पहले बीते सप्ताह में राकांपा (अविभाजित) के पूर्व विधायक बाबाजानी दुर्राणी भी कांग्रेस में शामिल हुए थे।
Created On :   16 Aug 2025 9:45 PM IST