Mumbai News: ठाणे जिप के पूर्व उपाध्यक्ष सुभाष पवार भाजपा में शामिल, शिवसेना उद्धव गुट और मनसे को भी लगा झटका

ठाणे जिप के पूर्व उपाध्यक्ष सुभाष पवार भाजपा में शामिल, शिवसेना उद्धव गुट और मनसे को भी लगा झटका
  • मुरबाड- डोंबिवली से ये हुए शामिल
  • वसई से कई लोग बने भाजपाई

Mumbai News. आगामी निकाय चुनाव के सरगर्मी के बीच भाजपा ने ठाणे और पालघर में शिवसेना (उद्धव), बहुजन विकास आघाड़ी तथा मनसे को झटका दिया है। ठाणे जिला परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष सुभाष पवार ने भाजपा में प्रवेश किया है। शिवसेना (उद्धव) की पालघर की पूर्व जिला अध्यक्ष नम्रता वैती, शिवसेना (उद्धव) के विभाग प्रमुख रवि थालकर, मनसे के डोंबिवली शहर अध्यक्ष मिलिंद म्हात्रे, शहर प्रमुख ओमनाथ नाटेकर भी भाजपा में शामिल हुए हैं। गुरुवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण की मौजूदगी में यह प्रवेश हुआ। प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री कपिल पाटील, भाजपा विधायक किसन कथोरे, भाजपा विधायक राजन नाईक समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। सुभाष पूर्व विधायक गोटीराम पवार के बेटे हैं। सुभाष ने साल 2024 के विधानसभा चुनाव में राकांपा (शरद) के टिकट पर मुरबाड सीट से चुनाव लड़ा था। हालांकि सुभाष को भाजपा के प्रत्याशी किसन कथोरे से हार का सामना करना पड़ा था। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सहकारिता क्षेत्र में कार्य करने वाले सच्चे कार्यकर्ता सुभाष के आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि कल्याण-डोंबिवली के मिलिंद म्हात्रे और ओमनाथ नाटेकर का भाजपा में शामिल होना मेरे लिए खुशी का क्षण है। वहीं सुभाष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री फडणवीस के नेतृत्व में विकास परियोजनाओं को गति मिल रही है। इसलिए मुरबाड तहसील के विकास में योगदान देने के लिए भाजपा में शामिल हुआ हूं।

मुरबाड- डोंबिवली से ये हुए शामिल

मुरबाड के शिवसेना (उद्धव) के उपजिला प्रमुख रामचंद्र दलवी, मुरबाड तहसील प्रमुख प्रकाश पवार, बाजार समिति सभापति बालकृष्ण चौधरी, उपसभापति गुरुनाथ झुंजारराव, तहसील सचिव धनाजी दलवी ने भी भाजपा का दामन थामा है। जबकि डोंबिवली के मनसे उपशहर प्रमुख हरिश्चंद्र पराडकर, शाखा प्रमुख सचिन कोर्लेकर, लक्ष्मण नकाते, प्रदीप सागवेकर, हेमंत म्हात्रे, प्रवीण चव्हाण, कविता म्हात्रे, शाखा अध्यक्ष गणेश यादव भी भाजपा में शामिल हुए हैं।

वसई से ये लोग बने भाजपाई

शिवसेना (उद्धव) की वसई शहर प्रमुख साधना चव्हाण, ममता चव्हाण, विभाग प्रमुख सुनीता चव्हाण, विभाग अध्यक्ष भाग्यश्री सुतार, विद्या खामकर, राधिका डिसोजा, युवा सेना विभाग प्रमुख सुशांत पाटील भाजपा में शामिल हुए हैं। वसई के बहुजन विकास आघाड़ी के युवा नेता किरण नाडर, आनंद पवार, रवि पाल, शिवसेना (उद्धव) के शाखा प्रमुख राहुल यादव, नायगांव शहर प्रमुख आकाश मौर्या समेत कई कार्यकर्ताओं ने भाजपा में प्रवेश किया है।

Created On :   13 Nov 2025 10:25 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story