- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- उद्धव ठाकरे का बड़ा आरोप - भ्रष्ट...
Mumbai News: उद्धव ठाकरे का बड़ा आरोप - भ्रष्ट मंत्रियों को बचा रहे हैं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस

- शिवसेना (उद्धव) का पूरे महाराष्ट्र में दागी मंत्रियों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन
- भ्रष्ट मंत्रियों को बचा रहे हैं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस
Mumbai News. शिवसेना (उद्धव) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे ने सोमवार को मुंबई में एक विरोध प्रदर्शन के दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर भ्रष्ट मंत्रियों को बचाने का गंभीर आरोप लगाया। ठाकरे ने कहा कि मुख्यमंत्री भ्रष्ट मंत्रियों को बर्खास्त करने के बजाय उनका बचाव कर रहे हैं। ठाकरे ने कहा कि सरकार को सौंपे गए पुख्ता सबूतों के बावजूद अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि महायुति सरकार ने महाराष्ट्र को विकास में सबसे पीछे और भ्रष्टाचार में सबसे आगे पहुंचा दिया है। ठाकरे ने कहा कि राज्य में हो रहे यह आंदोलन तब तक जारी रहेंगे, जब तक सभी भ्रष्ट मंत्रियों को उनके पद से हटा नहीं दिया जाता।
सरकार के खिलाफ मैदान में उतरे ठाकरे पिता-पुत्र
उद्धव ठाकरे ने कहा कि उनकी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के भ्रष्ट मंत्रियों के खिलाफ पूरे महाराष्ट्र में आंदोलन किया और दागी मंत्रियों को उनके पद से हटाने की मांग की। इस मौके पर ठाकरे ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर महायुति सरकार की असलियत और भ्रष्टाचार की कहानियां जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन जनहित का आंदोलन है, और इसे हर हाल में निर्णायक मुकाम तक पहुंचाया जाएगा। ठाकरे ने साल 1995 की बात याद दिलाते हुए कहा कि जब राज्य में साल 1995-1999 तक शिवसेना (अविभाजित) और भाजपा की सरकार थी, तब बालासाहेब ठाकरे ने भ्रष्टाचार के आरोप लगने पर पांच मंत्रियों से इस्तीफा दिलवाया था। लेकिन आज मुख्यमंत्री के पास बहुमत होते हुए भी कार्रवाई करने का साहस नहीं है। इससे साफ जाहिर होता है कि फडणवीस का भ्रष्ट मंत्रियों को खुलेआम समर्थन है। फडणवीस चोरों के सरदार हैं।
क्या मैं ठाकरे को कफन चोरों का सरदार बोलूं- फडणवीस
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उद्धव ठाकरे पर पलटवार करते हुए कहा कि हम लोगों का प्रेम चोरी करते हैं, मन चोरी करते हैं। यही कारण है कि लोग हमंर मतदान करते हैं। उद्धव ठाकरे ने तो जनादेश की चोरी की थी। यही कारण रहा कि जनादेश की चोरी करने वालों को लोगों ने घर पर बैठा दिया। इससे बड़ा दुर्भाग्य उनका और क्या हो सकता है। फडणवीस ने कहा कि उद्धव ठाकरे जनादेश के चोर हैं, जबकि उनके चेले चपाटे कफन चोर हैं। क्योंकि उन्होंने कफन खरीदी में भी चोरी की है और पैसा कमाया। ऐसे में क्या मुझे उद्धव ठाकरे को कफन चोरों का सरदार बोलना चाहिए? फडणवीस ने कहा कि मैं इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहता हूं।
फडणवीस के इन मंत्रियों पर हैं ये आरोप
- मंत्री संजय शिरसाट के पास से कथित तौर पर कैश से भरा बैग मिला था।
- मंत्री माणिकराव कोकाटे पर विधान परिषद में रमी खेलने और किसानों के प्रति असंवेदनशील बयान देने का आरोप।
- मंत्री संजय राठौड़ पर अधिकारियों के ट्रांसफर के आरोप।
- भाजपा मंत्री गिरीश महाजन का नाम भी एक कथित हनीट्रैप मामले से जोड़ा गया।
- राज्य मंत्री योगेश कदम पर अपनी मां के नाम से डांस बार चलाने का आरोप।
Created On :   11 Aug 2025 8:48 PM IST