Bada-malhera news: डीईओ दफ्तर का बाबू खजुराहो में लगा रहा था हार-जीत के दांव

डिजिटल न्यूज़ बड़ामलहरा/ छतरपुर
जिला शिक्षा विभाग में अनुशासन और जवाबदेही को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अभी जहां बड़ामलहरा सांदीपनि विद्यालय के फर्जी नोटिस भेजे जाने का मामला शांत ही नहीं हुआ था कि अब डीईओ कार्यालय में पदस्थ बाबू कमलेश खरे के खजुराहो में जुआ खेलते पकड़े जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने जुए फड़ पर छापामार कार्रवाई के दौरान बाबू सहित 19 लोगों को पकड़ा था। मौके से नकदी भी बरामद की, जबकि छह जुआरी भागने में सफल रहे। पुलिस ने प्रकरण दर्ज करने के बाद कमलेश खरे सहित आरोपियों को नोटिस देकर छोड़ दिया। कुछ माह पूर्व कार्यालय में मोबाइल में एक अन्य बाबू का भी जुआ खेलने का मामला सामने आया था, जिस पर तत्काल निलंबन की कार्रवाई हुई थी। लेकिन इस बाबू पर कार्रवाई की बजाय विभाग द्वारा बचाने की भूमिका देखी जा रही है। दैनिक भास्कर ने
डीईओ पीके रैकवार से जब पक्ष जानना चाहा तो उन्होंने अपनी ओर से इस प्रकरण में किसी भी तरह की प्रतिक्रिया नहीं दी। हालांकि जेडी सागर ने जुआ के इस गंभीर मामले में कड़ी कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस मामले में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि शनिवार की रात में छतरपुर पुलिस की स्पेशल टीम ने खजुराहो के जुआ फड़ पर छापामार कार्रवाई की थी। पुलिस ने मौके से 67 हजार 500 रुपए की नकदी के साथ 19 जुआरियों को पकड़ा था। इससे साफ जाहिर है कि खजुराहो की स्थानीय पुलिस के संरक्षण में बेहद पैमाने पर जुए के अड्डे संचालित हो रहे है।
अधिकारी बोले- जांच और कार्रवाई करेंगे
■ एफआईआर की कॉपी विभाग को भी भेजी जाएगी, ताकि विभाग स्तर पर भी कार्रवाई हो सके। मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है, जो भी बिंदु हैं, उन सभी को जांच में लिया है।
रजत सकलेचा
एसपी छतरपुर
■ डीईओ कार्यालय से प्रतिवेदन लिया जाएगा। यदि ऐसा है तो इस गंभीर मामले में तत्काल कार्रवाई की जाएगी। अन्य मामलों को भी प्राथमिकता से दिखवाया जाएगा।
एसपी सिंह बिसेन
जेडी सागर
Created On :  
