- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- बड़ा मल्हेरा
- /
- आठवें दिन गायत्री परिवार ने दिया...
Bada Malhera: आठवें दिन गायत्री परिवार ने दिया समर्थन, महाराजा महाविद्यालय बचाओ अभियान को मिला नया संबल

डिजिटल डेस्क,बड़ामल्हेरा। छतरपुर जिला मुख्यालय स्थित महाराजा महाविद्यालय की ऐतिहासिक एवं शैक्षणिक स्वतंत्र पहचान बहाल कराने की मांग को लेकर दीप्ति पांडेय के नेतृत्व में चलाए जा रहे महाराजा महाविद्यालय बचाओ संघर्ष अभियान का आज आठवां दिन रहा। अभियान को लगातार विभिन्न सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों, बुद्धिजीवियों और नागरिकों का समर्थन मिल रहा है।
अभियान के आठवें दिन गायत्री परिवार ने आगे बढ़कर अपना समर्थन व्यक्त किया और महाराजा महाविद्यालय की ऐतिहासिक पहचान एवं विद्यार्थियों के हित में चलाए जा रहे इस प्रयास को उचित एवं जनहितकारी बताया।
गायत्री परिवार के सदस्यों ने कहा कि शिक्षा संस्थान केवल भवन नहीं होते, बल्कि वे किसी शहर की पहचान, इतिहास और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़े होते हैं। इसलिए महाराजा महाविद्यालय से जुड़ी मांग को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
इस अवसर पर अभियान की संयोजक दीप्ति पांडेय ने गायत्री परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति या दल की नहीं, बल्कि छतरपुर की ऐतिहासिक विरासत और विद्यार्थियों के भविष्य की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि जिस तरह समाज के विभिन्न वर्ग लगातार अभियान से जुड़ रहे हैं, उससे यह स्पष्ट है कि महाराजा महाविद्यालय की स्वतंत्र पहचान बहाल करने की मांग जनभावना बन चुकी है।
उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों, पूर्व छात्रों, बुद्धिजीवियों, व्यापारिक संगठनों एवं छतरपुरवासियों से इस अभियान में सहभागी बनने की अपील की।
महाराजा महाविद्यालय हमारा गौरव है—इसकी ऐतिहासिक एवं शैक्षणिक स्वतंत्र पहचान बहाल होनी चाहिए।
Created On :   2 Oct 2026 8:28 PM IST












