Bada Malhera: पत्रकार मनीष जैन पर हुये कातिलाना हमले के विरोध में आधे दिन बक्स्वाहा बंद कर किया विरोध

पत्रकार मनीष जैन पर हुये कातिलाना हमले के विरोध में आधे दिन बक्स्वाहा बंद कर किया विरोध
कठोर कार्यवाही की मांग को लेकर तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

डिजिटल डेस्क,बड़ामल्हेरा। विधानसभा क्षेत्र के बकस्वाहा नगर के समाजसेवी और पत्रकार मनीष कुमार जैन पर 24 सितंबर को हुए कथित हमले के विरोध में मंगलवार को बकस्वाहा में सर्व समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया। सकल दिगंबर जैन समाज के आह्वान पर जैन समाज सहित विभिन्न समाजों के लोगों ने अपने प्रतिष्ठान आधे दिन तक बंद रखे। बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं और युवा जुलूस के रूप में बस स्टैंड पहुंचे, जहां सभा आयोजित कर निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई।

इसके बाद प्रदर्शनकारी तहसील परिसर पहुंचे और तहसीलदार त्रिलोक सिंह पूषाम को राज्यपाल, मुख्यमंत्री, गृह मंत्री, मानव अधिकार आयोग, पुलिस महानिरीक्षक सागर संभाग और पुलिस अधीक्षक छतरपुर के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष जांच, आवश्यक धाराएं जोड़ने, आरोपियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने की मांग की गई। इसके बाद प्रदर्शनकारी बकस्वाहा थाना पहुंचे, जहां नगर निरीक्षक प्रशांत सेन को भी ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शनकारियों ने तीन दिन में कार्रवाई नहीं होने पर बाजार बंद कर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि 24 सितंबर को मनीष जैन पत्नी के साथ जैन मंदिर से घर लौट रहे थे। बुधवारा बाजार में रास्ता रोककर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया गया। हमले में उन्हें कई जगह चोटें आने और गंभीर स्थिति में मेडिकल कॉलेज सागर रेफर किए जाने की बात कही गई है।

प्रदर्शनकारियों ने घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने, प्रत्यक्षदर्शियों की सुरक्षा और वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में जांच कराने की मांग की। साथ ही सोशल मीडिया पर लगाए जा रहे अन्य आरोपों की भी जांच कर वास्तविक तथ्य सामने लाने की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान नगर में लोगों की एकजुटता और आक्रोश दिखाई दिया।

Created On :   29 Sept 2026 7:35 PM IST

Next Story