Bada Malhera: महाराजा कॉलेज बचाओ अभियान के पांचवें दिन उमड़ा जनसमर्थन

महाराजा कॉलेज बचाओ अभियान के पांचवें दिन उमड़ा जनसमर्थन
पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष और, नेता प्रतिपक्ष ने की अभियान की सराहना

डिजिटल डेस्क,बड़ामल्हेरा। जिला मुख्यालय छतरपुर महाराजा महाविद्यालय की ऐतिहासिक एवं शैक्षणिक स्वतंत्र पहचान बहाल कराने की मांग को लेकर दीप्ति पांडेय द्वारा चलाया जा रहा “महाराजा कॉलेज बचाओ अभियान” लगातार जनआंदोलन का रूप लेता जा रहा है। अभियान के पांचवें दिन पंच महादेव क्षेत्र में 200 से अधिक लोगों ने हस्ताक्षर कर अपना समर्थन दर्ज कराया।

अभियान को उस समय और मजबूती मिली जब पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अमरदीप चौरसिया ने अपनी टीम के साथ पहुंचकर अभियान को समर्थन दिया। वहीं नेता प्रतिपक्ष शिवानी चौरसिया ने भी अभियान की सराहना करते हुए महाराजा कॉलेज की पहचान और छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

इस मौके पर वार्ड क्रमांक 35 की मातृशक्ति ने भी उत्साहपूर्वक अभियान का समर्थन किया और हस्ताक्षर कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम में पूर्व छात्र संघ सचिव आराधना मिश्रा ‘शैलू’ सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे।

अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि महाराजा महाविद्यालय केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि छतरपुर की ऐतिहासिक, शैक्षणिक और सामाजिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसे पुनः उसके स्वतंत्र स्वरूप में स्थापित कराने की मांग को लेकर छात्र, पूर्व छात्र, नागरिक, सामाजिक संगठन और विभिन्न वर्ग लगातार एकजुट हो रहे हैं।

वहीं अभियान की संयोजक दीप्ति पांडेय ने कहा कि यह अभियान किसी दलगत विचारधारा का नहीं, बल्कि छतरपुर के छात्रों के भविष्य और महाराजा महाविद्यालय की गौरवशाली पहचान को बचाने का अभियान है। उन्होंने सभी वर्गों से आगे आकर इस जनअभियान में सहभागी बनने की अपील की।

पांचवें दिन 200 से अधिक हस्ताक्षरों के साथ अभियान ने यह संदेश दिया कि महाराजा कॉलेज की स्वतंत्र पहचान बहाल कराने की मांग अब व्यापक जनभावना बनती जा रही है।

Created On :   29 Sept 2026 6:10 PM IST

Next Story