Balaghat news: लांजी में मातोश्री बस सर्विस संचालक के घर लोकायुक्त की दबिश

लांजी में मातोश्री बस सर्विस संचालक के घर लोकायुक्त की दबिश
मनेरी सेवा सहकारी समिति में प्रभारी प्रबंधक समेत कई जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं विलास चौरे

डिजिटल न्यूज़ बालाघाट

लांजी में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब जबलपुर लोकायुक्त पुलिस की टीम ने मातोश्री बस सर्विस के संचालक विलास चौरे के घर पर दबिश दी। टीम सुबह करीब 6 बजे कार्रवाई के लिए पहुंची। बताया जा रहा है कि चौरे के खिलाफ मिली शिकायत के आधार पर लोकायुक्त ने यह कार्रवाई शुरू की है।

घर और दस्तावेजों की जांच

लोकायुक्त टीम फिलहाल चौरे के घर पर उपलब्ध दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में टीम किन दस्तावेजों को खंगाल रही है और शिकायत में क्या आरोप लगाए गए हैं, इसकी विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

सहकारी समिति से लेकर ट्रेवल्स कारोबार तक

विलास चौरे मनेरी सेवा सहकारी समिति में प्रभारी प्रबंधक सहित अन्य पदों की जिम्मेदारी संभालते हैं। इसके अलावा उनका कृषि यंत्रों और ट्रेवल्स का कारोबार भी बताया जा रहा है। इसी कारोबारी और सहकारी समिति से जुड़े रिकॉर्ड को लेकर शिकायत की बात सामने आ रही है।

लोकायुक्त की जांच पूरी होने के बाद ही शिकायत में लगाए गए आरोपों और कार्रवाई की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Created On :   17 Sept 2026 1:22 PM IST

Tags

Next Story