चोर गिरोह का भंडाफोड़: किसानों की मेहनत पर डाल रहे थे डाका, पानी मोटर- पशुओं सहित कई चोरियों को अंजाम देने वाला करने वाला गिरोह गिरफ्तार

किसानों की मेहनत पर डाल रहे थे डाका, पानी मोटर- पशुओं सहित कई चोरियों को अंजाम देने वाला करने वाला गिरोह गिरफ्तार
  • चार शातिर आरोपी गिरफ्त में आए
  • ₹9.26 लाख का माल जब्त
  • किसानों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता

Latur News. जिले में किसानों के खेत-शिवारों से पनडुब्बी मोटर, स्प्रिंकलर सेट और भैंसों की चोरी करने के साथ-साथ परमिट वाले होटल व बीयर बार में सेंधमारी कर विदेशी शराब चुराने वाले एक संगठित आपराधिक गिरोह का स्थानीय अपराध शाखा ने भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने चार आदतन अपराधियों को गिरफ्तार कर ₹9 लाख 26 हजार 240 रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमोल तांबे और अपर पुलिस अधीक्षक मंगेश चव्हाण के मार्गदर्शन में तथा स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक सुधाकर बावकर के नेतृत्व में अंजाम दी गई।

गुप्त सूचना पर सटीक घेराबंदी

24 जनवरी को स्थानीय अपराध शाखा की विशेष टीम मुरुड-अकोला परिसर में चोरी के मामलों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लातूर–मुरुड मार्ग पर करकटा पाटी के पास एक बार के सामने सफेद बोलेरो पिक-अप में चार संदिग्ध व्यक्ति खड़े हैं। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और दोपहर करीब 2.30 बजे वाहन सहित चारों को हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार आरोपी

  • पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं,
  • महादेव उर्फ बापू सुरेश चव्हाण, निवासी ढोकी, जिला धाराशिव
  • राहुल निवृत्ती काले, निवासी धाराशिव
  • तेजस उर्फ पप्पू भिमराव शिंदे, निवासी पिंपलगांव, जिला धाराशिव
  • नितिन गजेंद्र काले, निवासी ढोकी, जिला धाराशिव

वाहन तलाशी में बड़ा खुलासा

आरोपियों की तलाशी एवं वाहन जांच के दौरान बरामद

  • ₹1,57,000 नकद
  • 5 एचपी क्षमता की 10 पनडुब्बी मोटर
  • विदेशी शराब के 23 बॉक्स
  • महिंद्रा बोलेरो पिक-अप (एमएच-44 यू-1316)

पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे पिछले एक वर्ष से लातूर, धाराशिव और सोलापुर जिलों में खेतों से मोटर, स्प्रिंकलर और भैंसों की चोरी कर रहे थे। साथ ही, कुछ दिन पहले सोलापुर जिले के वैराग क्षेत्र में एक बीयर बार व परमिट रूम में सेंधमारी कर बड़ी मात्रा में विदेशी शराब चोरी की थी।


10 गंभीर अपराध सुलझे

आरोपियों की निशानदेही पर मुरुड, शिरूर अनंतपाल, अहमदपुर, कासार शिरसी और वैराग (सोलापुर) थानों में दर्ज कुल 10 गंभीर चोरी के मामले उजागर हुए हैं।

जब्त माल का विवरण

पनडुब्बी मोटर: ₹71,800

विदेशी शराब: ₹1,97,440

नकद राशि: ₹1,57,000

बोलेरो वाहन: ₹5,00,000

कुल: ₹9,26,240

चारों आरोपियों को मुरुड थाना अपराध क्रमांक 393/2025, धारा 303 (2) भारतीय न्याय संहिता के तहत गिरफ्तार किया गया है। गिरोह के तीन फरार साथियों की तलाश के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें रवाना की गई हैं।

किसानों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता

यह कार्रवाई लातूर जिला पुलिस की सतर्कता, तकनीकी दक्षता और अपराधियों के विरुद्ध सख्त रुख को दर्शाती है। किसानों की मेहनत की कमाई की सुरक्षा, व्यापारियों की रक्षा और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

Created On :   25 Jan 2026 7:16 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story